Lucknow News : प्रदेश कोविड टेस्टिंग और टीकाकरण में शीर्ष स्थान पर: मुख्यमंत्री
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:35 AM
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:35 AM
Lucknow: लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में ट्रैक, टेस्ट, ट्रीट और टीकाकरण की नीति के सफल क्रियान्वयन से कोविड महामारी पर प्रभावी नियंत्रण बना हुआ है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में कोविड संक्रमण के नए केस में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। इसके दृष्टिगत सतर्कता और सावधानी बरतना आवश्यक है। मुख्यमंत्री यहां अपने सरकारी आवास पर टीम-9 की बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने निर्देशित किया कि 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को बूस्टर डोज दिए जाने में तेजी लायी जाए। बूस्टर डोज के महत्व और बूस्टर टीकाकरण केन्द्रों के बारे में आमजन को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि 12 से 18 आयु वर्ग के किशोरों को दूसरी डोज देने में तेजी लायी जाए। साथ ही, बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जाए।
मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि पिछले 24 घण्टों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 318 नए मामले सामने आए हैं। इस अवधि में 178 व्यक्तियों को सफल उपचार के उपरान्त डिस्चार्ज किया गया है। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1645 है। पिछले 24 घण्टे में प्रदेश में 86 हजार से अधिक कोरोना टेस्ट किए गए। अब तक राज्य में 11 करोड़ 58 लाख 23 हजार 797 कोविड टेस्ट सम्पन्न हो चुके हैं।
बैठक में यह जानकारी भी दी गयी कि राज्य में गत दिवस तक 33 करोड़ 40 लाख 79 हजार से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज लगायी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कोविड टेस्टिंग और टीकाकरण में देश में शीर्ष स्थान पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुदृढ़ स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए आई0आई0टी0 कानपुर ने एक मॉडल तैयार किया है। इसका अध्ययन करते हुए कार्य योजना प्रस्तुत की जाए। उन्होंने 9,000 से अधिक ए0एन0एम0 की नियुक्ति की जारी प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। यह राज्य सरकार के प्रथम 100 दिवस की कार्ययोजना में सम्मिलित है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि चयन प्रक्रिया में शुचिता और पारदर्शिता बनी रहे। योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर यथाशीघ्र उन्हें नियुक्ति दी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हित संरक्षण को सुनिश्चित करते हुए गेहूं खरीद की प्रक्रिया को आगामी 30 जून तक जारी रखा जाए।