Lucknow News : स्कूल जाते समय महिला और उसके दो बच्चों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत
भारत
RP Raghuvanshi
05 Aug 2022 06:35 PM
भारत
RP Raghuvanshi
05 Aug 2022 06:35 PM
Lucknow : लखनऊ। एक परिवार के लिए शुक्रवार काला दिन साबित हुआ। ट्रेन की चपेट में आने से महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। महानगर में सेंट्रल बैंक क्रॉसिंग के पास यह हादसा उस समय हुआ, जब महिला अपने दो बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। रेलवे क्रॉसिंग बंद थी। पहले तो उन्होंने क्रॉसिंग खुलने का इंतजार किया, फिर अचानक फाटक पार कर रही थी, तभी ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से महिला और उसके छोटे बेटे ने मौके पर दम तोड़ दिया। जबकि बड़े बेटे की मौत घटना के तीन घंटे बाद इलाज के दौरान हुई।
मालदा कॉलोनी में एकता बिल्डिंग में शशि भूषण रहते हैं। उनका बेटा अनय भूषण (8 साल) निशातगंज के सिटी मांटेसरी स्कूल में पढ़ता था। पत्नी मधू भूषण (36 साल) शुक्रवार सुबह 7.30 बजे छोटे बेटे अमिश भूषण (2.5 साल) को गोद में लेकर बड़े बेटे को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकली। न्यू हैदराबाद कॉलोनी में रहने वाले जितेंद्र शर्मा ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे न्यू हैदराबाद से महानगर की तरफ जाने वाली रोड स्थित क्रॉसिंग पर मां और दोनों बेटों की ट्रेन से कट कर मौत हो गई। क्रॉसिंग बंद होने पर महिला कुछ देर तो ट्रेन आने का इंतजार करती रही। लेकिन, स्कूल जाने की जल्दबाजी में मां दोनों को लेकर फाटक के नीचे से निकल कर पटरी क्रॉस करने करने लगी। जैसे ही तीनों ने फाटक पार की, तभी दूसरी तरफ से अचानक ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में आकर महिला और छोटे बेटे की ठौर मौत हो गई, जबकि बड़ा बेटा दूर जा गिरा। उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
शशि भूषण ने बताया कि पड़ोसियों ने पत्नी और बच्चों के साथ हुए हादसे की जानकारी दी। इसके बाद वो ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां पत्नी और बेटे की मौत की सूचना मिली। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यह घटना सुबह 7.46 बजे की है। निरीक्षण ट्रेन लखनऊ से गोरखपुर जा रही थी। डालीगंज और बादशाह नगर स्टेशन के बीच महिला और दो बच्चे उसकी चपेट में आ गए।