Madhya Pradesh उज्जैन में पैसेंजर ट्रेन में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप
Madhya Pradesh
भारत
चेतना मंच
21 Nov 2022 03:51 PM
Madhya Pradesh: महाकाल की नगरी उज्जैन के रेलवे स्टेशन पर देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब इंदौर रतलाम बीना पैसेंजर में अचानक आग लग गई। आग लगने से एक बोगी पूरी तरह से जल गई। मौके पर जीआरपी व आरपीएफ के जवान पहुंच गए और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह से जल गई।
Madhya Pradesh
मिली जानकारी के अनुसार एक पैसेंजर ट्रेन नागदा स्टेशन से उज्जैन स्टेशन शाम 07:40 पर प्लेटफार्म नंबर 5 पर आई थी, जिसे देर रात प्लेटफार्म नंबर 8 पर खड़ा कर दिया गया, क्योंकि यह गाड़ी सुबह उज्जैन स्टेशन से ही इंदौर के लिए रवाना होनी थी। पहले यह ट्रेन भोपाल के लिए चलती थी जिसे हाल ही में इंदौर रतलाम बीना पैसेंजर गाड़ी का नाम दिया गया।
जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि आग लगने से किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि ट्रेन के अन्य डिब्बे तक आग नहीं पहुंची। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है क्योंकि ट्रेन खड़ी थी और जिस बोगी में आग लगी उसके दोनों गेट लगे हुए थे। सीसीटीवी फुटेज भी चेक की जा रही है कि क्या किसी असामाजिक तत्व का हाथ तो इसमें नहीं है। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि गनीमत रही हादसे के वक्त ट्रेन पूरी तरह खाली खड़ी थी।