
Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने तथा पुलिस-प्रशासन को जनाकांक्षाओं के प्रति सजग व तत्पर बनाने के उददेश्य से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ब्यूरोक्रेसी के भी पेंच कसने शुरू कर दिये हैं।
इसी कड़ी में उन्होंने सभी विभागों को सख्त हिदायत दी है कि अखबारों तथा सोशल मीडिया में जनहित से जुड़े समाचारों को गंभीरता से लें तथा उस पर सकारात्मक कार्यवाही करें।
उन्होंने सरकारी महकमों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को सख्त लहजे में स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जनहित से जुड़ी खबरों को संज्ञान में लेकर उसका अविलम्ब निस्तारण करने में कोताही बरती गई तो उन्हें मजबूरन कड़ी कार्यवाही करनी पड़ेगी।
मालूम हो कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ द्वारा कानून का राज स्थापित करने की दिशा में उठाये गये कदमों का अनुसरण अब भाजपा शासित अन्य राज्य भी कर रहे हैं। अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने भी सरकारी विभागों द्वारा जनाकांक्षाओं के प्रति खरा उतरने के उददेश्य से कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री की इस चेतावनी के बाद सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है।