Madhya Pradesh : लोकायुक्त पुलिस का छापा, पटवारी की दो करोड़ की संपत्ति का खुलासा
Lokayukta police raid, Patwari's property worth two crores disclosed
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:15 AM
इंदौर (मध्य प्रदेश)। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार की शिकायत पर इंदौर एवं खरगोन जिलों में एक पटवारी के ठिकानों पर गुरुवार को छापे मारे। इस कार्रवाई में पटवारी की दो करोड़ रुपये से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति के सुराग मिले हैं। यह उसकी वैध आय से कहीं ज्यादा है।
लोकायुक्त पुलिस के उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रवीण सिंह बघेल ने बताया कि खरगोन जिले की गोगांवा तहसील में पदस्थ पटवारी जितेंद्र सोलंकी (45) के खिलाफ शिकायत मिली थी कि उन्होंने भ्रष्ट तरीकों से बड़ी संपत्ति अर्जित की है। डीएसपी के मुताबिक इस शिकायत पर इंदौर और खरगोन जिलों में सोलंकी के चार ठिकानों पर छापे मारे गए। छापों में सोलंकी के ठिकानों से 4.5 लाख रुपये की नकदी मिली। उनके एक फ्लैट, पांच मकानों और सात दुकानों का पता चला।
डीएसपी ने बताया कि पटवारी की बहन और बहनोई के नाम पर खरीदी गई अचल संपत्तियों को लेकर भी जांच की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि सोलंकी के पिता भी पटवारी थे। उनकी मृत्यु के बाद उनके बेटे को अनुकम्पा नियुक्ति के आधार पर सरकारी सेवा में शामिल किया गया था। सोलंकी ने अपनी करीब 25 साल की सरकारी नौकरी के दौरान वेतन से लगभग 60 लाख रुपये कमाए हैं, जबकि हमें उनकी दो करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्तियों के सुराग मिले हैं। पटवारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसकी चल-अचल संपत्तियों का विस्तृत मूल्यांकन जारी है।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।