Maharashtra News : लू लगने के बाद बीमार पड़े 20 लोग अब भी अस्पताल में भर्ती
Maharashtra News: 20 people who fell ill after heatstroke are still hospitalized
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 06:38 AM
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 06:38 AM
Maharashtra News : नवी मुंबई में आयोजित ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार समारोह के दौरान लू लगने से बीमार पड़े लोगों में से 20 अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। कार्यक्रम में भीषण गर्मी की चपेट में आने के बाद कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई थी। खारघर क्षेत्र में 306 एकड़ जमीन पर रविवार को आयोजित कार्यक्रम में लाखों की संख्या में लोग पहुंचे थे।
Maharashtra News :
रायगढ़ जिला सूचना अधिकारी के अनुसार, खारघर के आसपास पांच अस्पतालों में 44 लोगों को भर्ती कराया गया था। इनमें से 20 का अब भी इलाज चल रहा है और अन्य को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।एक अधिकारी ने बताया कि खारघर पुलिस ने 11 लोगों की मौत के संबंध में दुर्घटनावश मौत का मामला (एडीआर) दर्ज किया है।अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में आठ महिलाएं भी शामिल हैं। शवों को परिवार वालों के हवाले कर दिया गया है।
महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजित पवार ने रविवार रात कामोठे स्थित एमजीएम अस्पताल का दौरा किया और वहां भर्ती लोगों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने इस घटना को ‘‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’’ करार दिया और कहा कि प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि मरीज जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार ने दावा किया कि यह महाराष्ट्र सरकार का कार्यक्रम था। सभी को पता है कि अप्रैल और मई में तापमान अधिक रहता है और इन दिनों पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास तक पहुंच जाता है।
राकांपा नेता ने कहा, ‘‘इसलिए इस बात की जांच किए जाने की जरूरत है कि कार्यक्रम का आयोजन दिन में करने का फैसला किसका था।’’पवार ने कहा कि कार्यक्रम शाम के समय भी किया जा सकता था और केंद्रीय मंत्री अमित शाह हेलीकॉप्टर के जरिए भी कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकते थे।
शाह ने रविवार को कार्यक्रम में आध्यात्मिक नेता एवं समाज सुधारक अप्पासाहेब धर्माधिकारी को महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया था।मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से रविवार रात जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘ लू लगने के कारण कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई।’’पनवेल के नगर आयुक्त गणेश देशमुख ने बताया कि अभी किसी और के जान गंवाने की सूचना नहीं मिली है। रविवार को इलाज के बाद 24 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एमजीएम अस्पताल में सबसे अधिक 15 लोगों को भर्ती कराया गया है।उन्होंने बताया कि नवी मुंबई के अन्य अस्पतालों में भी मरीजों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बतायी जा रही है।मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नवी मुंबई में एक अस्पताल के बाहर रविवार को पत्रकारों को बताया था कि कम से कम 50 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 24 अब भी भर्ती हैं और अन्य को प्राथमिक उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई।उन्होंने लोगों के जान गंवाने की घटना को ‘‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’’ करार दिया।
शिंदे ने कहा कि जान गंवाने वाले लोगों के परिवार वालों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। खारघर में 306 एकड़ के विशाल मैदान में कल धर्माधिकारी के लाखों समर्थक इस भव्य कार्यक्रम में पहुंचे थे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने धर्माधिकारी को महाराष्ट्र महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार प्रदान किया। इस कार्यक्रम लिए लोग सुबह से ही आने लगे थे और यह कार्यक्रम करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुआ एवं एक बजे तक चला। इनमें से कई लोग तो शनिवार को ही आ गये थे।