
Maharashtra News : शौक पूरा करने के लिए लोग क्या नहीं करते हैं। कुछ लोग अपने शौक पूरा करने के लिए जहां दिनरात मेहनत करके पैसा कमाते हैं और अपने शौक की वस्तु खरीदते हैं, तो कुछ लोग अवैधानिक कदम भी उठा लेते हैं। महाराष्ट्र के नागपुर में बाइक खरीदने के लिए एक निर्दयी बाप ने अपनी बेटी का ही सौदा कर डाला। इस व्यक्ति ने बाइक खरीदने के लिए अपनी बेटी को एक लाख 10 हजार रुपये में बेच दिया है।
इस निर्दयी बाप द्वारा बेची गई बेटी की उम्र दो माह बताई जा रही है। पिछले दो महीने से बेटी को बेचने का विरोध कर रही आरोपी की पत्नी ने अपनी बेटी को वापस लाने की मांग की है। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस से भी मदद की गुहार लगाई है। हालांकि पुलिस द्वारा बच्ची को सुरक्षित वापस लाए जाने के बावजूद उसे पीड़िता को नहीं सौंपा जा सका है। दरअसल कुछ कानूनी बाध्यताओं के चलते इस प्रक्रिया में समय लगा है। ऐसे में मासूम बच्ची मां को कब सौंपी जाएगी, इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है।
आपको बता दें कि नागपुर निवासी आरोपी पिता उत्कर्ष ने करीब दो महीने पहले उम्रेड के एक दंपत्ति को अपनी 2 माह की बेटी को बेच दी। इस दौरान मुंह खोलने पर उसने पत्नी को भी धमकी दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्कर्ष ने अपने एक पड़ोसी की मदद मासूम को बेचने का सौदा किया। इस घिनौने काम में उत्कर्ष की मदद करने वाला दूसरा आरोपी एक अनाथालय चलाने के लिए गांवों से चंदा एकट्ठा करता है।
पेशे से प्लंबर उत्कर्ष के परिवार में एक तीन साल की बेटी भी है। बताया गया कि उसकी पत्नी भूमेश्वरी दूसरी बेटी को बेचने के सख्त खिलाफ थी, मगर आरोपी उसे धमकाता रहा और करीब दो महीने पहले मासूम को बेच दिया। मालूम हो कि इस सनसनीखेज मामले का खुलासा 15 अप्रैल को हुआ, जब आरोपी की पत्नी पुलिस स्टेशन पहुंची और पुलिस को मामले की जानकारी दी। उसने बताया कि उसके पति ने उसे धमकी दी थी, इसलिए वह दो माह तक चुप रही। लेकिन अब महिला का पति गांव से बाहर चला गया तो उसने पुलिस के आगे पूरी कहानी बयां कर दी।
पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस तुरंत एक्शन में आई और आरोपी के गांव पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया. इस अपराध में मदद करने के वाले उसके पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस कपल के पास पहुंची और बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया है।