Maharashtra News : अजित पवार के करीबियों ने औने-पौने दाम पर हासिल की चीनी समिति की संपत्ति : कोर्ट
Bulandshahr News
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 12:09 AM
मुंबई। महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक (एमएससीबी) से जुड़े धनशोधन के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दायर आरोपपत्र पर संज्ञान लेते हुए यहां की एक विशेष अदालत ने कहा कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार के करीबी सहयोगियों ने एक चीनी सहकारी समिति की संपत्ति औने-पौने दाम पर हासिल की।
Maharashtra News
कोर्ट ने माना प्रथमदृष्टया अपराध है
विशेष न्यायाधीश एमजी देशपांडे ने अपने आदेश में आरोपपत्र, उसके साथ जमा दस्तावेजों और गवाहों के बयानों पर गौर करने के बाद कहा कि यह आपराधिक गतिविधि से अपराध की कमाई का एक उत्कृष्ट उदाहरण दिखाता है। यह धन शोधन रोकथाम अधिनियम के प्रावधानों के तहत अपराध है। अदालत ने सभी आरोपियों को 19 जुलाई को खुद या अपने वकील के माध्यम से पेश होने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ प्रक्रिया (समन) जारी करने का निर्देश देने के लिए ठोस और प्रथमदृष्टया पर्याप्त आधार हैं।
विशेष अदालत ने जारी किया नोटिस
ईडी ने इस साल अप्रैल में तीन आरोपियों गुरु कमोडिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, जरांदेश्वर शुगर मिल्स प्राइवेट लिमिटेड और चार्टर्ड अकाउंटेंट योगेश बागरेचा के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। इस मामले में अजित पवार को आरोपी नहीं बनाया गया है। विशेष अदालत ने बागरेचा सहित दोनों कंपनियों को उनके तत्कालीन तथा वर्तमान निदेशकों के माध्यम से समन जारी किया।
Maharashtra News
कंपनी की निदेशक थीं अजित की पत्नी सुनेत्रा पवार
अदालत ने कहा कि अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार 2004-2008 तक आरोपी कंपनी के निदेशकों में से एक थीं। सुनेत्रा पवार एमएससीबी के निदेशक मंडल की पूर्व सदस्य थीं। सभी आरोपी कंपनियां एक ही समूह से हैं, जिनके निदेशक भी समान हैं। अदालत ने कहा कि जरांदेश्वर एसएसके लिमिटेड की गिरवी रखी संपत्ति को पुणे जिला केंद्रीय सहकारी बैंक तथा अन्य बैंकों द्वारा दिए गए 826 करोड़ रुपये के ऋण से प्रथमदृष्टया पता चलता है कि जरांदेश्वर एसएसके की संपत्ति अजित पवार के करीबी सहयोगियों द्वारा औने-पौने दाम पर हासिल की गई थी। यह मामला सहकारी चीनी मिल और सहकारी सूत गिरनिस में कथित घोटाले से संबंधित है।
मौजूदा समय में डिप्टी सीएम हैं अजित पवार
बैंक में कथित अनियमितताओं को लेकर बंबई उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर होने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। मामला आर्थिक अपराध शाखा द्वारा दर्ज किया गया था, जिसके बाद ईडी ने भी 2019 में कथित धन शोधन का मामला दर्ज किया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में गत रविवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, वहीं पार्टी के आठ अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली थी।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।
#maharashtranews #ajitpawar #specialcourt