Maharashtra News : रायगढ़ के समुद्री तट पर मिली हथियारों से लदी नाव
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 08:44 PM
Mumbai : मुंबई। दो बार आतंक का दंश झेल चुकी मुंबई पर एक बार फिर आतंकी घुसपैठ और हमले की आशंका जताई जा रही है। राज्य के रायगढ़ जिले में स्थित हरिहरेश्वर बीच के पास गुरुवार को एक संदिग्ध नाव मिली। तलाशी के दौरान उसमें कई हथियार मिले हैं। हालांकि इस नाव के साथ कोई व्यक्ति नहीं मिला है। नाव से हथियार मिलने के बाद पूरे जिले में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इस घटना के कुछ देर बाद ही भरदखोल में एक लाइफ बोट मिली, जिसमें कोई मौजूद नहीं था। इस वजह से शक और ज्यादा बढ़ गया है।
हरिहरेश्वर स्थित समुद्री तट पर लावारिस नाव होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। तलाशी के दौरान पुलिस टीम को कई एके-47 राइफल और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद हुई। पुलिस ने उसे सील कर पूरे जिले में हाईअलर्ट घोषित कर दिया। इसके अलावा आसपास के तटीय इलाकों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा। पुलिस की टीम वहां मौजूद चश्मदीदों से भी पूछताछ कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र एटीएस की टीम भी रवाना हो गई है।
स्थानीय पुलिस ने हथियार मिलने की पुष्टि की है, लेकिन उनकी ओर से ज्यादा जानकारी नहीं दी गई। बताया जाता है कि ये नाव ऑस्ट्रेलियन है, लेकिन इसके बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है। इसमें कुछ लोगों के सवार होने का भी दावा किया जा रहा, लेकिन वो कहां गए ये किसी को नहीं पता। इस घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों ने कोस्ट गार्ड से भी संपर्क किया है।