
Maharashtra: ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर में शुक्रवार तड़के दो मंजिला व्यावसायिक इमारत के गिरने से 37 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति को बचा लिया गया। उन्होंने कहा कि यह हादसा शहर के खड़ियापार इलाके में तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ।
निजामपुरा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, “भवन के भूतल पर सात दुकानें थीं, जबकि ऊपरी तल पर व्यावसायिक प्रतिष्ठान थे। ढांचा गिरने के तुरंत बाद दमकल की दो टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।”
उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान माजी वंशारी के रूप में की गई है, जो हादसे के वक्त इमारत के अंदर सो रहा था। अधिकारी के मुताबिक, पीड़ित की मलबे में दबकर मौत हो गई।
दमकल विभाग के सूत्रों ने बताया कि मलबे में दबे एक अन्य व्यक्ति को बचा लिया गया, उसे कोई चोट नहीं आई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना से मौत का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
मुंबई में बहुमंज़िला इमारत में लगी आग, कोई हताहत नहीं इसके अलावा मध्य मुंबई के दादर में एक बहुमंजिला इमारत की 22वीं मंजिल पर बृहस्पतिवार रात आग लग गई और बाद में यह भवन के अन्य हिस्सों में फैल गई। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इस घटना में अभी किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है और आग लगने के कारण का तत्काल पता नहीं लग सका है। अधिकारी ने कहा कि 42 मंजिला आवासीय टावर ‘आर ए रेजिडेंसी’ की 22वीं मंजिल पर रात करीब साढ़े आठ बजे बंद पड़े एक फ्लैट में आग लग गई।
उन्होंने बताया कि इमारत की अग्निशमन प्रणाली काम नहीं कर रही थी और दमकल एवं पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं। अधिकारी ने कहा कि 16 दमकल गाड़ियों और 90 मीटर ऊंची एक क्रेन सहित अन्य उपकरणों की मदद से आग बुझाने का अभियान जारी है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के मुख्य अग्निशमन अधिकारी, दो अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी अभियान की निगरानी कर रहे हैं।