Maharashra: श्रद्धा के पिता ने एमबीवीवी के नये पुलिस आयुक्त से की मुलाकात
Maharashra
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 08:16 PM
Maharashra: ठाणे। श्रद्धा वालकर के पिता विकास वालकर ने मीरा भयंदर-वसई विरार (एमबीवीवी) के नये पुलिस आयुक्त मधुकर पांडे से मुलाकात कर स्थानीय पुलिस द्वारा उनकी बेटी की शिकायत पर कार्रवाई में देरी का मुद्दा उठाया।
Maharashra
श्रद्धा के सहजीवन साथी आफताब पूनावाला ने दिल्ली के महरौली स्थित फ्लैट में उसकी कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी थी। बाद में उसने शव के 35 टुकड़े कर उन्हें फ्रिज में रखा तथा तीन हफ्तों के दौरान अलग-अलग जगहों पर उन्हें फेंक दिया था।
विकास वालकर ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के नेता किरीट सोमैया के साथ पांडे से मुलाकात की। यह मुलाकात करीब 40 मिनट तक चली।
इस बैठक में मौजूद एक स्थानीय भाजपा पदाधिकारी ने बताया कि मुलाकात के दौरान विकास वालकर ने 2020 में उनकी बेटी द्वारा पुलिस को लिखे गये पत्र का जिक्र किया जिसमें उसने (श्रद्धा ने) आरोप लगाया था कि पूनावाला ने उसे गालियां दी, उसके साथ मारपीट की, उसकी हत्या करने की कोशिश की तथा उसके टुकड़े-टुकड़े करने की भी धमकी दी।
भाजपा पदाधिकारी के अनुसार विकास वालकर ने स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई करने में देरी का भी मुद्दा उठाया।
एमबीवीवी पुलिस प्रमुख पांडे ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि पुलिस किसी को भी नहीं बख्शेगी तथा गुनाहगारों के विरूद्ध उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।
विकास वालकर ने नौ दिसंबर को इस मुद्दे पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी। उस दिन उन्होंने मीडिया के सामने पूनावाला के लिए मृत्युदंड की मांग की थी और आरोपी के परिवार के सदस्यों की भी जांच की मांग की थी।