Maharastra News: महाराष्ट्र पुलिस की धूमिल प्रतिष्ठा बहाल करने की जरूरत: उपमुख्यमंत्री
Maharastra News
भारत
RP Raghuvanshi
15 Jan 2023 12:39 AM
Maharastra News: पुणे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को राज्य पुलिस की ‘‘प्रतिष्ठा’’ को बहाल करने की जरूरत पर जोर दिया और कहा कि हाल के दिनों में कुछ लोगों ने इसे ‘‘धूमिल’’ किया है। लेकिन, इसको फिर से बहाल करने की नितांत आवश्यक है।
Maharastra News
गृह विभाग के प्रभारी फडणवीस यहां पुलिस अनुसंधान केंद्र में आयोजित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के एक सम्मेलन के मौके पर संबोधित रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में मादक पदार्थ की बुराई को खत्म करने के लिए एक रणनीति तैयार की जा रही है, जिसके लिए एक अभियान शुरू किया जाएगा।
फडणवीस ने कहा, अपराध को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का एक सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक के दौरान पुलिस की विभिन्न इकाइयों में अपराध दर की स्थिति, सजा की दर, रणनीति और पुलिस की कार्यप्रणाली के अन्य पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आश्वासन दिया है कि नई सरकार में उन्हें तबादलों और नियुक्तियों के मामले में किसी भी तरह की ‘‘गड़बड़ी’’ का सामना नहीं करना पड़ेगा। एकनाथ शिंदे नीत सरकार पिछले साल जुलाई में सत्ता में आई थी, जिसमें भाजपा गठबंधन सहयोगी है।
उन्होंने कहा, पूर्व में महाराष्ट्र पुलिस की प्रतिष्ठा को कुछ लोगों ने धूमिल किया है। उस प्रतिष्ठा को बहाल करने के लिए काम किया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र की पूर्ववर्ती महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार में तत्कालीन गृह मंत्री अनिल देशमुख पर मुंबई पुलिस को बार और होटलों से हर महीने पैसा उगाने का आदेश देने के आरोप लगे थे, जिसके बाद सीबीआई ने मामला दर्ज किया था।