मणिपुर में बड़ा आतंकी हमला: असम राइफल्स के 2 जवान शहीद, 7 घायल
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 03:08 PM
मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में शुक्रवार शाम आतंकवादियों ने असम राइफल्स के काफिले पर बड़ा हमला किया। इस हमले में दो जवान शहीद हो गए जबकि सात अन्य घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हमला उस वक्त हुआ जब असम राइफल्स का काफिला नाम्बोल सबल लेइकाई इलाके से गुजर रहा था। तभी अचानक हथियारों से लैस आतंकियों के एक समूह ने काफिले पर घात लगाकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस भीषण हमले में दो जवान मौके पर ही शहीद हो गए जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। Manipur Terror Attack
संयुक्त तलाशी अभियान शुरू
घटना के तुरंत बाद असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस ने स्थानीय मुखबिरों को भी सक्रिय कर दिया है ताकि हमलावरों के ठिकाने का पता लगाया जा सके। सुरक्षा बलों ने जंगलों और आसपास के इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार, हमलावर आतंकवादी भारी हथियारों से लैस थे और पूरी तैयारी के साथ आए थे। माना जा रहा है कि उन्हें कुछ स्थानीय लोगों से मदद मिली है। जांच एजेंसियां अब उन स्थानीय संदिग्धों की पहचान कर रही हैं जिन्होंने संभवतः आतंकियों को लॉजिस्टिक या खुफिया सहायता दी।
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों को आशंका है कि हमले में शामिल आतंकियों के साथ जल्द मुठभेड़ हो सकती है। पुलिस और सेना ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग दहशत में हैं और प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। Manipur Terror Attack