भारत के कई रहस्यमयी जगहों ने दबा रखी है डरावनी दास्तां, हवा के झोंकों से खुलते हैं राज
Haunted Places in India
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 12:04 AM
Haunted Places in India : कुछ लोगों के लिए डर एक सजा है लेकिन कुछ ऐसे भी होते हैं जिनके लिए डर ही असली मजा है। ऐसे लोगों के लिए रहस्यमयी जगहों पर जाना, वहां की कहानियां सुनना और इनमें कितनी सच्चाई है और कितनी नहीं यह जानना अच्छा लगता है। हालांकि ऐसे लोगों को डर भी लगता है लेकिन वो डर को भी मात देने की हिम्मत रखते हैं। डर को मात देने वाले लोगों को रात की स्याही, हवा की सरसराहट और अंधेरे में किसी अनदेखी परछाईं की मौजूदगी ये सब खींच लेती हैं उन रहस्यमयी जगहों की ओर, जहां हर दीवार कोई कहानी कहती है।
आज के जमाने में भारत में ठीक ऐसा ही खौफनाक ट्रेंड चलन में है जिसे आजकल के युवा खूब अपना रहे हैं। अब लोग सिर्फ मंदिरों और महलों की खूबसूरती नहीं बल्कि भूतिया गलियारों, सुनसान किलों और डरावनी हवेलियों की सच्चाई जानने के लिए निकल पड़ते हैं। रहस्य क्या है? क्या वाकई में कोई आत्मा वहां भटकती है? या ये सिर्फ दिमाग का कोई भ्रम है? आज हम आपको इस आर्टिकल के माध्यम से भारत की ऐसी खतरनाक जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें सुनकर आपके भी होश उड़ जाएंगे।
भानगढ़ का किला: रहस्य-प्रेम और श्राप की एक दास्तान
भानगढ़ का किला राजस्थान के अलवर जिले की सुंदर पहाड़ियों में बसा है। भानगढ़ का किला एक ऐसा किला जो इतिहास से कहीं ज़्यादा, रहस्य और रोमांच की कहानियों के लिए जाना जाता है। कहते हैं राजकुमारी रत्नावती के सुंदरता पर मोहित एक तांत्रिक ने उसे वश में करने की कोशिश की। लेकिन जब राजकुमारी ने उसके इरादों को नाकाम कर दिया तो वह तांत्रिक अपना बदला लेने के लिए किले को ही श्राप दे बैठा। उस दिन से यह किला वीरान हो गया लेकिन कहानियों और खौफ से आबाद हो गया। आज भी लोग बताते हैं कि रात के सन्नाटे में अजीबोगरीब और चूड़ियों की खनक की आवाजें गूंजती हैं। यही वजह है कि सूरज ढलने के बाद इस किले की सरहद पार करना मना है। फिर भी डर और रोमांच की तलाश में हर साल सैकड़ों पर्यटक यहां खिंचे चले आते हैं।
[caption id="attachment_196876" align="aligncenter" width="700"] Credit-Social Media[/caption]
GP ब्लॉक मेरठ: एक खंडहर में छिपे हैं कई रहस्य
उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में एक पुरानी सी जगह है जिसका नाम है जीपी ब्लॉक। बता दें, बाहर से देखने पर तो ये बस एक टूटी-फूटी इमारत लगती है लेकिन इसके अंदर छिपे हैं कई रहस्यमयी और डरावने किस्से। कहा जाता है कि यहां लाल साड़ी में एक औरत कभी बिल्डिंग के ऊपर तो कभी बाहर निकलते हुए दिखती है। कुछ लोगों का तो ये भी कहना है कि उन्होंने चार लड़कों को घर के अंदर मोमबत्ती की हल्की रौशनी में बीयर पीते देखा, लेकिन जैसे ही पास गए सब गायब हो गए। इस सुनसान इमारत से रात के समय अजीब सी आवाजें। यह ब्लॉक 1950 से ही खाली पड़ा है और अब यह एक डरावना खंडहर बन चुका है। डर के बावजूद, इस जगह की कहानियां लोगों को अपनी ओर खींचती हैं जैसे ये इमारत कुछ कहना चाहती हो
संजयवन दिल्ली: जहां सन्नाटे भी बातें करते हैं
संजयवन दिल्ली के बीचों-बीच मौजूद है जो दिन में एक आम जंगल जैसा दिखता है लेकिन रात होते ही रहस्य और डर की कहानियों से भर जाता है। बता दें, कई लोगों का कहना है कि उन्होंने यहां पर सफेद साड़ी में एक औरत को भटकते देखा है और कुछ लोगों का कहना है कि उन्होंने रास्ते पर सफेद कपड़ों में एक बुजुर्ग महिला को चलते हुए देखा है, जो अचानक गायब हो जाती है। आसपास के बच्चों ने कई बार डरावनी हंसी सुनने की बात बताई है जो रात के सन्नाटे में और भी भयानक लगती है। कुछ लोगों का कहना है कि यहां सूफी संतों की पुरानी कब्रें भी हैं जो इस जगह को और रहस्यमयी बना देती हैं।
शनिवार वाड़ा किला: एक खूबसूरत इमारत, एक दर्दभरी कहानी
महाराष्ट्र के पुणे शहर में बना है शनिवार वाड़ा किला, जो दिखने में तो बहुत ही सुंदर और ऐतिहासिक है, लेकिन इसके पीछे छिपी है एक दर्दनाक डरावनी कहानी। सबसे मशहूर किस्सा है पेशवा नारायण राव की हत्या का, जो साल 1773 में हुई थी। कहा जाता है कि उनके अपने ही चाचा रघुनाथ राव ने उन्हें मरवा दिया था। इस भयानक घटना के बाद से लोग कहते हैं कि नारायण राव की आत्मा आज भी किले में भटकती है। रात के समय यहां से बचाओ, बचाओ! की आवाजें सुनाई देती हैं । जैसे कोई मदद के लिए पुकार रहा हो। यहां के लोगों का यह भी कहना है कि अमावस्या की रात पूरा किला एक डरावनी चुप्पी में डूबा होता है, तब ये चीखें और भी साफ सुनाई देती हैं। आज भी शनिवारवाड़ा एक शानदार पर्यटन स्थल है, लेकिन इसके पत्थरों में एक दर्दनाक इतिहास की गूंज अब भी मौजूद है।
रामोजी फिल्म सिटी
हैदराबाद में मौजूद रामोजी फिल्म सिटी सिर्फ फिल्मों की शूटिंग के लिए ही नहीं बल्कि अपने रहस्यमयी अनुभवों के लिए भी मशहूर है। यह दुनिया का सबसे बड़ा फिल्म स्टूडियो है जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज किया गया है। इसे 1996 में बनाया गया था लेकिन इसके जमीन की कहानी इससे कहीं पुरानी है। कहा जाता है कि ये जमीन पहले निजामों की थी यहां कभी युद्ध हुआ था। लोगों का मानना है कि उन युद्ध में मरे सैनिकों की आत्माएं आज भी यहां भटकती हैं। फिल्म क्रू के कुछ लोगों ने बताया है कि, शूटिंग के दौरान लाइटें अपने आप बंद हो जाती हैं, लाइटमैन बिना किसी वजह के गिर जाते हैं और कई अभिनेत्रियों ने ड्रेसिंग रूम में अजीब सी हलचल महसूस की है। रामोजी फिल्म सिटी आज भी लाखों पर्यटकों और फिल्म प्रेमियों का सपना है, लेकिन इसके गलियारों में एक अनदेखा डर और रहस्य भी साथ चलता है।