Meerut Crime News : सिर्फ डेढ़ लाख का खर्चा और पति खल्लास
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 06:10 PM
Meerut : मेरठ। शहर के शास्त्रीनगर में बीते दिन हुए प्रदीप हत्याकांड की पुलिस ने खुलासा कर दिया। घटना के बाद से फरार बदमाशों से जागृति विहास एक्सटेंशन के पास एसओजी की मुठभेड़ हो गई। इसमें पुलिस की गोली से जख्मी एक आरोपी पकड़ा गया। जबकि उसका एक साथी फरार होने में कामयाब हो गया। अस्पताल में भर्ती बदमाश से पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में प्रदीप हत्याकांड में कई खुलासे हुए हैं। प्रदीप की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी ही पत्नी ने ही कराई थी। इसके लिए उसने डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी थी। उसने पिस्टल भी उपलब्ध कराया था। प्रदीप शर्मा के पिता देवेंद्र शर्मा ने पुत्रवधू नीतू पर हत्या कराने का आरोप लगाते हुए मुकदमा कराया था। पुलिस की पूछताछ में नीतू ने दो शूटर समीर निवासी गेसूपुर भावनपुर और मनीष शर्मा निवासी किठौर का नाम पुलिस का नाम बताया। दोनों आरोपियों की गुरुवार सुबह एसओजी ने घेराबंदी कर ली, जिसमें पुलिस की गोली से जख्मी समीर नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि पूछताछ में बदमाश ने बताया कि आरोपी समीर करीब छह माह से नीतू के घर में किराये पर रह रहा था। नीतू ने अपने पति की हत्या कराने के लिए 1.50 लाख रुपये सुपारी के तौर पर दिया था। नीतू ने उसे एक पिस्टल भी मुहैया कराई थी। इसी पिस्टल से बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। गौरतलब है कि शास्त्रीनगर सेक्टर-13 में बुधवार को प्रदीप शर्मा की समीर व उसके साथी मनीष ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
प्रदीप के पिता देवेंद्र शर्मा ने बताया कि उनकी पुत्रवधू नीतू का चाल-चलन ठीक नहीं था। प्रदीप टोकता था तो नीतू उसके साथ मारपीट करती थी। प्रदीप बच्चों की परवरिश करता था और उनके लिए गांव से हर सामान लाकर देता रहता था। उन्होंने बताया कि नीतू के व्यवहार के चलते मोहल्ले की महिलाएं भी उससे किनारा करने लगी थीं और कोई भी उससे बात नहीं करता था। वहीं, प्रदीप का मोहल्ले के सभी लोगों के पास अच्छी तरह आना-जाना था और उनके दुख-सुख में भी शामिल रहता था। बुधवार सुबह जब प्रदीप गांव से शास्त्रीनगर लौटा तो लोगों ने उसे फोन पर बात करते हुए सुना कि वह नीतू की बेटी के नाम पांच लाख रुपये की एफडी कराने के लिए आया है। इसी बीच वह कार में बैठने लगा तभी हत्या कर दी गई।