
Meerut News : मेरठ (उत्तर प्रदेश)। मेरठ जनपद के दौराला-मसूरी मार्ग पर खरदौनी गांव में शनिवार की तड़के ट्रक और घोड़ा बग्घी के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
दुर्घटना में बग्घी में जुड़ा एक घोड़ा भी मर गया, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। ट्रक चालक घटना के बाद फरार हो गया।
थाना इंचौली प्रभारी जितेन्द्र कुमार दूबे के अनुसार हादसे में मारे गए लोगों की पहचान 45 वर्षीय सीताराम, 20 वर्षीय तौफीक, तथा 24 वर्षीय अहजाज के रूप में हुई है। घटना तड़के करीब तीन बजे हुई।
लावड़ के समसपुर मार्ग स्थित पैठचौड़ा मौहल्ले के निवासी प्रदीप ने घटना के संबंध में पुलिस में तहरीर दी है।
तहरीर के अनुसार आज तड़के करीब तीन बजे उसके पिता समेत पांच लोग परीक्षितगढ़ से घोड़ा-बग्घी पर सवार होकर जा आ रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने बग्घी को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें सवार उसके पिता सीताराम व लावड़ कस्बे के ही सगे भाई तौफीक व अहजाज की मौके पर मौत हो गई। जबकि नवेद व रवि नामक व्यक्ति घायल हो गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
उत्तर प्रदेश की खबरों से अपडेट रहने लिए चेतना मंच के साथ जुड़े रहें।
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।