मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर ,आनंद विहार से साहिबाबाद की ओर तीसरी टनल का काम शुरू
भारत
चेतना मंच
28 Jun 2022 05:19 PM
Delhi / Ghaziabad : दिल्ली /गाजियाबाद । मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर (Meerut RRTS Corridor) पर आनंद विहार स्टेशन से साहिबाबाद की दिशा में सुदर्शन (टनल बोरिंग मशीन) ने टनलिंग का काम शुरू कर दिया है। आनंद विहार स्टेशन से न्यू अशोक नगर आरआरटीएस स्टेशन की ओर दो सुदर्शन (टीबीएम) पहले से ही टनल निर्माण का काम कर रही हैं। दिल्ली से मेरठ के बीच बन रहे आरआरटीएस कॉरिडोर की कुल लंबाई 82 किमी है, जिसमें से 14 किमी का हिस्सा दिल्ली में है और 68 किमी का हिस्सा उत्तर प्रदेश में। दिल्ली में इस कॉरिडोर में जंगपुरा, सराय काले खां, न्यू अशोक नगर और आनंद विहार चार स्टेशन हैं, जिनमें सिर्फ आनंद विहार स्टेशन भूमिगत है। इस स्टेशन से दिल्ली की ओर न्यू अशोक नगर और गाजियाबाद की दिशा में साहिबाबाद एलिवेटेड आरआरटीएस स्टेशन बनाए जा रहे हैं। आनंद विहार स्टेशन से न्यू अशोक नगर की ओर तीन किमी लंबी समानान्तर दो टनल बनाने के लिए दो सुदर्शन (टीबीएम) पहले से ही कार्य कर रही हैं। आनंद विहार से साहिबाबाद की ओर करीब 2 किमी लंबी टनल बनाई जाएगी, जो वैशाली मेट्रो स्टेशन के सामने समाप्त होगी। तीसरी सुदर्शन (टीबीएम) के लिए आनंद विहार स्टेशन के नॉर्थ में लॉन्चिंग शाफ़्ट बनाई गई है, जहां से टनल बनाने की शुरुआत की गई है।
वहीं टनल के आखिरी छोर पर वैशाली मेट्रो स्टेशन के सामने रिट्रीविंग शाफ्ट बनाई जा रही है, जहां से सुदर्शन (टीबीएम) को टनल बनाने के बाद बाहर निकाला जाएगा। आनंद विहार से साहिबाबाद की ओर भी समानान्तर दो टनल बनेंगी जो ट्रेन के आने और जाने के लिए होगी।
साहिबाबाद से दुहाई के बीच 17 किलोमीटर का प्राथमिकता खंड मार्च 2023 तक चालू हो जाएगा और इसका ट्रायल रन इसी साल शुरू होने की उम्मीद है।आरआरटीएस के भूमिगत हिस्सों में ट्रेनों के आने-जाने के लिए समानान्तर दो टनल का प्रावधान है। इसके साथ ही यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सुरक्षा उपायों का भी प्रावधान है। किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए भूमिगत हिस्सों में आपातकालीन निकास बनाए जाएंगे। इसमें लगभग हर 250 मीटर पर एक क्रॉस-पैसेज भी होगा।
टनल बनाने की प्रक्रिया में, लगभग 90 मीटर लंबी सुदर्शन (टीबीएम) का प्रयोग किया जा रहा है। इस टीबीएम में कटर हेड, फ्रंट शील्ड, मिडिल शील्ड, टेल शील्ड, इरेक्टर, स्कू्र कंवेयर और कई अन्य महत्वपूर्ण भाग शामिल हैं।