
Mission Telangana : पिछले दिनों संपन्न हुए पांच राज्यों के चुनाव और चार राज्यों में भाजपा को जबरदस्त विजय हासिल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी अब मिशन तेलंगाना (Mission Telangana) की तैयारी में जुट गई है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने तेलंगाना का दौरा प्रारंभ कर दिया है। इसी के तहत शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तेलंगाना में रैली और पदयात्रा करने जा रहे हैं।
न्यूज एजेसी पीटीआई की खबर के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा तेलंगाना के अध्यक्ष बंदी संजय कुमार की पदयात्रा के दूसरे चरण के समापन के अवसर पर एक जनसभा को संबोधित करेंगे। ये रैली शनिवार की शाम तुक्कुगुड़ा इलाके में होगी। भाजपा सूत्रों ने बताया कि रैली से पहले अमित शाह रामनाथपुर में फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भी जाएंगे।
आपको बता दें कि तेलंगाना भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार ने 14 अप्रैल को मंदिर शहर आलमपुर से प्रजा संग्राम यात्रा शुरुआत की थी। शाह की रैली से पहले केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने शुक्रवार को तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को जीतकर सरकार बनाएगी। शाह की जनसभा के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। दरअसल, भाजपा तेलंगाना में होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ टीआरएस के विकल्प के रूप में उभरने की कोशिश कर रही है।
भाजपा 2020 और 2021 के दौरान डबक और हुजुराबाद विधानसभा सीटों के उपचुनाव और ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) चुनाव में अपनी जीत से उत्साहित है। तेलंगाना में सत्ताधारी टीआरएस, भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला माना जा रहा है।