MP News : सरदार पटेल के सपनों में बसता था अखंड भारत : मधुकर द्विवेदी
Sardar Patel Jayanti celebrations organized at Sir JBS Convent Academy
भारत
चेतना मंच
03 Nov 2022 05:20 PM
MP News : मध्य प्रदेश । ख्यातिलब्ध वरिष्ठ पत्रकार मधुकर द्विवेदी ने कहा है कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए निडरता से जो कदम उठाए थे, उसी का सुफल है कि आज हम अपने देश को अखंड भारत के रूप में देख रहे हैं। सरदार पटेल का जीवन त्याग, राष्ट्रप्रेम तथा सामाजिक सद्भाव से ओतप्रोत रहा, जो युवा पीढ़ी के लिए अनुकरणीय है।
MP News :
श्री द्विवेदी त्योंथर तहसील के अंतर्गत कुठिला में सर जे बी एस कान्वेंट एकेडमी में आयोजित सरदार पटेल जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। श्री द्विवेदी ने सरदार पटेल को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि सरदार पटेल आधुनिक भारत के निर्माता के साथ ही आजादी के बाद के सर्वमान्य तथा सर्वाधिक लोकप्रिय जननेता थे। समारोह में अपने उद्गार व्यक्त करते हुए शिक्षाविद एवं सोहागी पीजी कॉलेज के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. रघुराज सिंह ने कहा कि सरदार पटेल एक दृढ़ संकल्पशील जननेता थे, जिन्हें देश में लौहपुरुष की पहचान मिली। समारोह के अध्यक्ष समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक वी डी पाण्डेय ने कहा कि सरदार पटेल ने रियासतों के विलीनीकरण की दिशा में जो कदम उठाए थे, उससे अखंड भारत की बुनियाद रखी गई।
सेंट मैरी स्कूल चाकघाट एवं जवा के चेयरमैन बेबी पुल्लन ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें किसानों का सबसे बड़ा हमदर्द बताया। वरिष्ठ अधिवक्ता आर.के. सिंह ने सरदार पटेल को भारत माता का सच्चा सपूत निरूपित किया। त्योंथर नगर परिषद के उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा ने कहा कि सरदार पटेल के जीवन से समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में सर जे बी एस कान्वेंट एकेडमी कुठिला के डायरेक्टर समर सिंह, श्रीमती आशा सिंह, समर जसपाल राणा, प्रधानाचार्या सुश्री श्वेता सिंह, सोहागी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अभिनव सिंह, वरिष्ठ पत्रकार शास्त्री प्रसाद मिश्र, प्रवीण शर्मा त्योंथरिहा, दिनेश द्विवेदी, समाजसेवी शंकर तपोज्योति मिश्र, रामप्रभाव विश्वकर्मा, अंबिका प्रसाद गिरी, विजय बहादुर सिंह, शमशेर सिंह, अनूप गोस्वामी, शेर बहादुर सिंह झोंटिया, कुंज बिहारी सिंह तालापार सहित अंचल के प्रतिष्ठित नागरिक तथा अभिभावक उपस्थित थे। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।