
MP News : वो चीखती रही, चिल्लाती रही, हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगती रही, लेकिन दरिंदों को उसपर तरस नहीं आया। वो दरिंदों के सामने 'भैया...भैया...' बोलकर गुहार लगाती रही कि उसे अब तो छोड़ दिया जाए, लेकिन वे तो हैवान बन चुके थे। वे दरिंदे महिला को घसीटते रहे, लाठी-डंडों से पीटते रहे, उसे मारते रहे, यहां तक कि उन्होंने महिला के चेहरे पर लात भी मार दी।
यह किसी फिल्म का सीन या क्राइम शो की स्क्रिप्ट नहीं, बल्कि एक ऐसी सच्ची घटना है, जो मध्य प्रदेश के सागर जिले में घटित हुई है। इस पूरी घटना का सबसे दुःखद पहलू यह है कि जब हैवानियत पर उतरे दरिंदे उस महिला को घसीट रहे थे, पीट रहे थे, तो उस समय उसका 5 महीने का नवजात बच्चा पास में ही जमीन पर पड़ा हुआ था। लेकिन किसी को बच्चे पर भी तरस नहीं आया।
MP News : इस घटना का एक और दुःखद पहलू यह है कि जब बस स्टैंड पर हैवानियत का नंगा नाच चल रहा था, तब आसपास के लोग महिला के बचाने के बजाय इस घटना का वीडियो बनाने में मशगूल थे। किसी ने भी उस महिला को बचाने के लिए आगे आने की जहमत नहीं उठाई। हालांकि घटना के बाद वायरल हुए वीडियो में कुछ लोगों को आरोपियों से महिला को न मारने के लिए कहते जरूर सुना गया।
बताया जाता है कि दरिंदगी और हैवानियत की यह घटना मध्य प्रदेश में सागर जिले के बस स्टैंड पर गत 12 और 13 अगस्त के बीच वाली रात के दौरान हुई है। हालांकि इस घटना के बाद गोपालगंज पुलिस ने गुरुवार को इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा जरूर किया है। पकड़े गए लोगों में 26 वर्षीय प्रवीण रायकवार, 20 वर्षीय विक्की यादव और 40 वर्षीय राकेश प्रजापति शामिल हैं।
MP News : बता दें कि पुलिस इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई। इस बीच सागर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने यह दावा भी किया है कि जिस महिला को पीटा गया, वह संभवतः विक्षिप्त है। हालांकि उन्होंने इस मामले में आगे जांच जारी रखने की बात भी कही है।
इस घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि वह महिला शायद अपने बच्चे के लिए बस स्टैंड के कैंटीन से दूध लेने गई थी। हो सकता है कि इसी दौरान कोई विवाद हुआ हो, जिसके बाद आरोपियों ने बेरहमी से घसीटकर उसकी पिटाई कर दी। फिर भी यह घटना पुलिस-प्रशासन पर सवालिया निशान लगाने के साथ ही समाज को भी शर्मसार कर रही है।
Greater Noida News : दिन में करते थे रेकी और रात में चोरी, पुलिस ने सिखाया सबक
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें।
ग्रेटर नोएडा– नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।