MP News : सामूहिक प्रयासों से ही हिंदी बन सकती है राष्ट्रभाषा : डॉ. राजीव सिंह
Hindi can become national language only by collective efforts: Dr. Rajiv Singh
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 09:55 PM
Bhopal : भोपाल (मध्य प्रदेश)। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. राजीव सिंह ने कहा है कि प्रत्येक भारतवासी के प्रयास से ही हमारी राजभाषा हिंदी राष्ट्रभाषा बनेगी। हिंदी को समग्र की भाषा बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित अटल बिहारी बाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय मैं आयोजित गोष्ठी में मुख्य अतिथि के तौर पर डॉ. राजीव सिंह ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा तो है ही, किंतु राष्ट्रभाषा तभी बनेगी जब प्रत्येक भारतीय का सहयोग मिलेगा। हमें अपनी भाषा पर गर्व करना सीखना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व न्यायिक कार्यों में हिंदी की शब्दावली को और अधिक सरल करने की आवश्यकता है।
इस गोष्ठी का विषय भारत में प्रशासनिक कार्यों, कानून व विधि व्यवस्था के सकारात्मक संचार में हिंदी की भूमिका था। गोष्ठी में डॉक्टर आनंद कुमार सिंह, (निदेशक, होटल प्रबंध संस्थान) ने मुख्य वक्ता के अपने उद्बोधन में कहा कि गत 75 वर्षों में हिंदी के प्रचार एवं प्रसार के लिए जो कार्य किया गया है, उसमें और गति एवं निरंतरता की आवश्यकता है। भारत की राजभाषा हिंदी निरंतर सभी धर्मों, समुदायों को जोड़ने का कार्य करती है। हिंदी की तुलना हम अपनी जीवनदायनी नदियों जैसे नर्मदा व गंगा से भी कर सकते हैं। हिंदी भाषी राज्य इसमें अच्छा कार्य कर रहे हैं। भाषा के समग्रता हेतु हम सब को मिलकर और अधिक प्रयास करने की आवश्कता है। गोष्ठी की अध्यक्षता कुलपति प्रोफेसर खेम सिंह लोहारिया ने की। विमी बहल ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।