
MP news: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ किसी न किसी मुद्दे को लेकर आवाज उठाते रहते हैं। अभी भी उनके द्वारा मध्य प्रदेश के सभी पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखे जाना यहां पर चर्चा का विषय बना हुआ है। आखिर क्या वजह है कि कमलनाथ ने राज्य के सभी एसपी को पत्र लिखे। यहां जानिए वजह...
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मध्य प्रदेश के सभी एसपी को लिखे पत्रों में कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के जितने भी सक्रिय और ऊर्जावान नेता और कार्यकर्ता हैं, उन पर पुलिस झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है। एक तरह से उनका सत्तारूढ़ पार्टी के इशारे पर उत्पीड़न किया जा रहा है और उनके खिलाफ झूठे दंडात्मक प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं।
अपने पत्र में कमलनाथ ने पुलिस अधीक्षकों को कहा है कि इस तरह से सत्तारूढ़ पार्टी के दबाव में आकर कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न करना बहुत गलत बात है और असंवैधानिक भी है। उन्होंने पुलिस अधीक्षकों को इस बात का ध्यान भी दिलाया है कि वह राज्य सरकार के लिए काम कर रहे हैं और उनका आचरण कानून के अनुरूप होना चाहिए।
कमलनाथ ने सभी पुलिस अधीक्षकों से आग्रह किया है कि वह सत्तारूढ़ दल के दबाव में आकर गैरकानूनी तरीके से कोई भी कार्यवाही ना करें। उन्होंने कहा कि जो भी पुलिस अधीक्षक इस तरह से काम करेंगे, कांग्रेस उनके खिलाफ न्यायालय में शिकायत दर्ज करवाएगी। उन्होंने पुलिस अधीक्षकों को ईमानदारी से काम करने के साथ अपने अधीनस्थ अधिकारियों को यह सूचित करने को कहा है कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का बुरी मंशा से उत्पीड़न ना किया जाए। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने यह पत्र कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हो रहे उत्पीड़न की लगातार मिल रही शिकायतों के चलते लिखा है।