मुंबई एयरपोर्ट आतंकियों का अगला टारगेट? एक साथ मिली तीन धमकियां
Mumbai Airport
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:26 AM
Mumbai Airport: मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम को दर रात तीन अलग-अलग कॉल्स के जरिए मिली बम धमकी से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। कॉलर ने दावा किया कि मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (T2 टर्मिनल) पर कुछ ही देर में विस्फोट होने वाला है। पुलिस के मुताबिक, ये धमकी भरे कॉल एक के बाद एक तीन अलग-अलग मोबाइल नंबरों से किए गए जिनमें कहा गया कि एयरपोर्ट पर बम रखा गया है और वह किसी भी समय फट सकता है।
एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा
धमकी मिलते ही मुंबई पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। एयरपोर्ट की सुरक्षा कड़ी कर दी गई और बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक T2 टर्मिनल के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई, लेकिन किसी प्रकार का संदिग्ध सामान या बम नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल इसे फर्जी कॉल माना जा रहा है, लेकिन किसी भी आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता इसलिए जांच बेहद गंभीरता से की जा रही है।
कॉल के तार असम-बंगाल सीमा से जुड़े
प्रारंभिक तकनीकी जांच में खुलासा हुआ है कि धमकी देने वाले कॉल्स असम और पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे क्षेत्रों में सक्रिय मोबाइल नंबरों से किए गए थे। अब पुलिस उन नंबरों की लोकेशन और यूजर डिटेल्स खंगाल रही है। मुंबई के आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम अब आईटी सेल और साइबर क्राइम एक्सपर्ट्स की मदद से कॉल करने वाले की पहचान में जुटी है। हालांकि धमकी भरे कॉल के बाद कोई विस्फोट नहीं हुआ लेकिन इससे कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर अलर्ट का माहौल बन गया। यात्रियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई और सुरक्षा चेक को और अधिक सख्त कर दिया गया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “ऐसी कोई भी धमकी गंभीर होती है भले ही वह फर्जी निकले। हम हर सूचना की जांच पूरी सतर्कता से कर रहे हैं और जल्द ही कॉलर की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।”