मुंबई पुलिस को मिली बड़ी धमकी, आरोपी नोएडा से गिरफ्तार
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:40 AM
मुंबई ट्रैफिक पुलिस को एक धमकी भरा व्हाट्सएप संदेश भेजे जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नोएडा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अश्विन कुमार सुप्रा (50) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। उसे मुंबई लाकर पूछताछ की जा रही है। Mumbai News
क्या था धमकी भरे संदेश में?
मुंबई ट्रैफिक पुलिस को उनके आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर एक चौंकाने वाला संदेश मिला था, जिसमें दावा किया गया था कि मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में 34 वाहनों में मानव बम लगाए गए हैं। इस संदेश में कहा गया था कि विस्फोट के लिए 400 किलोग्राम आरडीएक्स का इस्तेमाल किया जाएगा। संदेश में खुद को आतंकी संगठन 'लश्कर-ए-जिहादी' से जुड़ा बताने वाले ने यह भी दावा किया कि 14 पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुस चुके हैं।
सतर्क हुई मुंबई पुलिस
धमकी के बाद मुंबई पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। शहर भर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी कड़ी कर दी गई है। पुलिस इस धमकी के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी
मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने नोएडा में छापेमारी कर आरोपी अश्विन कुमार सुप्रा को गिरफ्तार किया। उसके पास से धमकी देने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद कर लिया गया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह मामला झूठी धमकी का लग रहा है लेकिन किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच और साइबर सेल अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने ऐसा कदम क्यों उठाया और क्या उसके पीछे कोई बड़ा मकसद या नेटवर्क है। आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसी धमकियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता। हालांकि प्रारंभिक जांच में मामला फर्जी प्रतीत हो रहा है फिर भी कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील है कि कोई भी व्यक्ति झूठी अफवाह या धमकी न फैलाए, क्योंकि इससे न केवल डर का माहौल बनता है, बल्कि जांच एजेंसियों के संसाधन भी व्यर्थ होते हैं। Mumbai News