गणेश विसर्जन पर मुंबई पुलिस ने कसी कमर, भारी फोर्स के साथ बढ़ाई सतर्कता
भारत
RP Raghuvanshi
06 Sep 2025 11:04 AM
मुंबई में गणेशोत्सव के अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी पर मूर्ति विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इस बार सुरक्षा व्यवस्था में 21,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जा रहे हैं जिसमें 12 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 40 डीसीपी, 61 एसीपी, 3,000 अधिकारी और 18,000 पुलिसकर्मी शामिल हैं। Mumbai News
मुंबई पुलिस लेगी AI की मदद
इनके साथ राज्य रिजर्व पुलिस बल की 14 कंपनियां, केंद्रीय सशस्त्र बल की 4 कंपनियां, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), बम स्क्वॉड और दंगा नियंत्रण बल भी तैनात रहेंगे। पहली बार, ट्रैफिक प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) तकनीक का सहारा लेगी। साथ ही, 10,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के ज़रिए भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी की जाएगी। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। इस साल मुंबई में 6,500 सार्वजनिक गणेश मंडल पंजीकृत हैं और मूर्ति विसर्जन के लिए 65 प्राकृतिक स्थल और 205 कृत्रिम तालाब बनाए गए हैं।
सभी विसर्जन मार्गों को साफ कर दिया गया है और सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि भीड़ में निगरानी रखी जा सके। संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां विशेष सुरक्षा बल लगाया गया है और आतंकवाद रोधी उपाय भी सक्रिय किए गए हैं। इस बीच, मुंबई ट्रैफिक पुलिस को व्हाट्सएप पर मिली बम धमकी को लेकर भी पुलिस हाई अलर्ट पर है। ज्वाइंट कमिश्नर (ट्रैफिक) अनिल कुंभारे ने बताया कि यह धमकी जयपुर से जुड़ी है और क्राइम ब्रांच इसकी गहराई से जांच कर रही है। मुंबई पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। Mumbai News