Mumbai Murder Case : प्रेमिका के शव के टुकड़े कर कुकर में पकाया और कुत्तों को खिलाया
The dead body of the girlfriend was cut into pieces and cooked in a cooker and fed to the dogs
भारत
चेतना मंच
09 Jun 2023 10:55 PM
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा भायंदर इलाके में एक ऐसी वारदात हुई, जिसने दिल्ली में हुए श्रद्धा वालकर हत्याकांड की याद ताजा कर दी। यहां इमारत के सातवें तल पर एक फ्लैट में 36 वर्षीय महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। बताया जाता है कि लिव-इन पार्टनर ने शव के टुकड़े किए। उसे कुकर और दूसरे बर्तन में पकाया और कुत्तों को खिलाया। मामले का खुलासा होने के दो दिन बाद शुक्रवार को उसकी तीन बहनों ने पुलिस के सामने अपने बयान दर्ज कराए। महिला फ्लैट में अपने लिव-इन पार्टनर के साथ रहती थी।
Mumbai Murder Case
आरोपी लिव-इन पार्टनर को 16 जून तक पुलिस हिरासत में भेजा
नया नगर पुलिस ने बृहस्पतिवार को पीड़िता सरस्वती वैद्य के लिव-इन पार्टनर मनोज साने (56) को अपराध के सिलसिले में गिरफ्तार किया था। साने को 16 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में सामने आए विवरणों ने पिछले साल के श्रद्धा वालकर मामले की यादें ताजा कर दीं।
खुदकुशी की तैयारी कर रहा था आरोपी
अधिकारी ने कहा कि साने से पूछताछ के दौरान पुलिस ने वैद्य के परिवार के सदस्यों का पता लगाया और उसकी तीन बहनों के बयान दर्ज किए। उन्होंने बताया कि साने ने पुलिस को बताया कि वह वैद्य के शरीर के अंगों को ठिकाने लगाने के बाद अपनी जान लेने की भी तैयारी कर रहा था, अपराध के पीछे की मंशा अभी स्पष्ट नहीं है।
रूम फ्रेशनर से की बदबू को छिपाने की कोशिश
आरोपी के पड़ोसियों ने बताया कि राशन की दुकान पर काम करने वाले साने ने मुंबई के एक उपनगर मीरा रोड (पूर्व) में अपने किराये के फ्लैट में महिला के कटे हुए शरीर के अंगों को तीन बाल्टियों में रखा और रूम फ्रेशनर छिड़क कर बदबू को छिपाने की कोशिश की। अपराध का पता तब चला, जब पड़ोसियों ने पुलिस को फ्लैट से दुर्गंध आने की सूचना दी।
Mumbai Murder Case
शव के टुकड़ों को भूनकर बाल्टी और टब में डाला
पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी के अनुसार, साने ने न केवल आरी से काटकर शव के टुकड़ों को प्रेशर कुकर और एक बर्तन में उबाला, बल्कि उन्हें भूनकर बाल्टी और टब में डाल दिया। ऐसा संदेह है कि वैद्य की मौत चार जून को हुई थी, लेकिन मामला सात जून को सामने आया। पड़ोसियों ने पुलिस को यह भी बताया कि साने पिछले कुछ दिनों से आवारा कुत्तों को खाना खिला रहा था, जो उसने पहले कभी नहीं किया था।
18 मई 2022 को दिल्ली में हुई थी श्रद्धा वालकर की हत्या
अधिकारी ने बताया कि साने के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 201 (सबूतों को नष्ट करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि श्रद्धा वालकर की पिछले साल 18 मई को उसके ‘लिव-इन पार्टनर’ आफताब पूनावाला ने गला घोंटकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने शव के कई टुकड़े कर उन्हें दक्षिण दिल्ली के महरौली स्थित अपने आवास में लगभग तीन सप्ताह तक रेफ्रीजरेटर में रखा था और धीरे-धीरे उन्हें ठिकाने लगाया था।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।