Mumbai News : कारोबारी के घर व दफ्तर पर आयकर विभाग के छापे में मिला ‘कुबेर का खजाना’
भारत
RP Raghuvanshi
11 Aug 2022 06:07 PM
भारत
RP Raghuvanshi
11 Aug 2022 06:07 PM
Mumbai : मुंबई। आयकर विभाग(IT Department ) को छापेमारी के दौरान बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। महाराष्ट्र के जालना में एक स्टील, कपड़ा व्यापारी और रियल एस्टेट डेवलपर के परिसरों में की गई छापेमारी में करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्ति जब्त की गई है। इसमें 56 करोड़ रुपये की नकदी, 32 किलो सोना, हीरे-मोती और संपत्ति के कागजात शामिल हैं।
इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य के जालना जिले में स्थित कारोबारी के खिलाफ कथित टैक्स चोरी की कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद पिछले सप्ताह छापेमारी की गई थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अब तक 56 करोड़ रुपये की नकदी और 14 करोड़ रुपये के आभूषण जब्त किए गए हैं। अब तक की कार्रवाई के दौरान दस्तावेज और डिजिटल डाटा भी जब्त किया गया है।
जालना में इस्पात निर्माताओं के कारखानों, घरों और कार्यालयों में आयकर विभाग ने छापेमारी की गई। आयकर विभाग की इस कार्रवाई के दौरान करीब 390 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद हुई है। इसमें 56 करोड़ रुपये की नकदी, 32 किलो सोने के आभूषण और करोड़ों रुपये के हीरे-मोती और करीब 300 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पिछले दिनों में देशभर में जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। यूपी से लेकर बंगाल और देश के अन्य राज्यों में जांच एजेंसियों ने छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये का कैश बरामद किया है। इस कार्रवाई में सबसे बड़ी कामयाबी जांच एजेंसियों को कन्नौज के इत्र कारोबारी पीयूष जैन के पास से 197 करोड़ और पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री रहे पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी के यहां से 53 करोड़ रुपये की नकदी मिली थी।