Mumbai News : स्टंटबाज रूस के दो यूट्यूबर मुंबई में गिरफ्तार
Mumbai News
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 01:52 PM
Mumbai News : रूस के दो यूट्यूबर को कथित रूप से स्टंट वीडियो बनाने के लिए यहां तारदेव में 60 मंजिला ट्विन टावर परिसर में दाखिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
Mumbai News
एक अधिकारी ने बताया कि दोनों को सोमवार देर रात गिरफ्तार किया गया और भारतीय दंड संहिता की धारा 452 सहित अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद रूसी दूतावास को इस घटना की जानकारी दे दी गई।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर एक स्टंट वीडियो बनाने के लिए ट्विन टॉवर परिसर ‘द इम्पीरियल’ में घुस आए थे। मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने सीसीटीवी कैमरे में उन्हें देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। जांच में पता चला कि दोनों सीढ़ियों से 58वीं मंजिल तक पहुंच गए थे और कथित तौर पर इमारत के बाहरी तरफ से नीचे उतरने के दौरान स्टंट करते हुए वीडियो बनाने वाले थे।
अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें देख लिया तो वे 28वीं मंजिल पर आ गए। इसके बाद पांचवीं मंजिल पर छिप गए और वहां से एक टीले पर कूद गए। आरोपियों के हाथ और पैर में चोट आई है। मामले की जांच जारी है।