मुंबई में मूसलधार बारिश, एयर इंडिया की ट्रैवल एडवाइजरी जारी
भारत
चेतना मंच
28 Sep 2025 12:22 PM
महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में शनिवार सुबह से तेज बारिश जारी है। ठाणे में उल्हास नदी में एक व्यक्ति बह गया जिसकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पिछले 24 घंटों में ठाणे में 100 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है वहीं पालघर और आसपास के इलाकों में भी सड़कों पर पानी भर गया है। Mumbai Rain
मुंबई में ट्रैफिक ठप
बारिश की वजह से मुंबई के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। अंधेरी सबवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। यातायात पर असर पड़ने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम की टीमों को सड़क से पानी निकालने के लिए तैनात किया गया है।
एअर इंडिया ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की
भारी बारिश के कारण हवाई यात्रा भी प्रभावित हुई है। एअर इंडिया ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि मुंबई से आने-जाने वाली फ्लाइट्स डिले या रद्द हो सकती हैं। यात्रियों से एयरपोर्ट रवाना होने से पहले फ्लाइट स्टेटस चेक करने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की गई है। एयरलाइन ने भरोसा दिलाया कि एयरपोर्ट पर उसके कर्मचारी मदद के लिए तैनात रहेंगे।
कई जिलों में हाई अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। हालात को देखते हुए NDRF ने 6 टीमें तैनात की हैं जिनमें सोलापुर में 2 टीमें, धाराशिव में 2 टीमें, बीड़ में 1 टीम, लातूर में 1 टीम इसके अलावा, पुणे, मुंबई, ठाणे और नागपुर की NDRF यूनिट्स को हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके। NDRF कमांडेंट संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि यह तैनाती आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की गई है।
ठाणे और पालघर जिलों के प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और घरों में ही रहने की अपील की है। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रमुख यासिन तड़वी ने बताया कि बारिश के चलते बाढ़, जलभराव और पेड़ गिरने की कई घटनाएं सामने आई हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। Mumbai Rain