Mumbai : बोर्डिंग पास की अदला-बदली करने के आरोप में दो विदेशी गिरफ्तार
Two foreigners arrested for swapping boarding passes
भारत
चेतना मंच
13 Apr 2023 07:34 PM
मुंबई। मुंबई पुलिस ने यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बोर्डिंग पास की अदला-बदली करने के आरोप में दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक श्रीलंकाई और दूसरा जर्मन नागरिक है। आरोप है कि श्रीलंकाई नागरिक ने लंदन और जर्मन नागरिक ने काठमांडू की यात्रा के लिए अपने बोर्डिंग पास की अदला-बदली की थी।
एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार बताया कि यह घटना सोमवार को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई। अधिकारी के मुताबिक, फर्जी पासपोर्ट पर यात्रा कर रहे 22 वर्षीय श्रीलंकाई नागरिक और 36 साल के जर्मन यात्री ने क्रमश: लंदन और काठमांडू की यात्रा करने के लिए हवाई अड्डे के शौचालय में एक-दूसरे से बोर्डिंग पास की अदला-बदली की थी। अधिकारी ने बताया कि मामले का खुलासा तब हुआ, जब विमानन कंपनी के कर्मी ने पाया कि श्रीलंकाई नागरिक के पासपोर्ट पर लगी प्रस्थान मुहर जाली प्रतीत होती है। अधिकारी के अनुसार, यह भी पाया गया कि श्रीलंकाई नागरिक के पासपोर्ट और बोर्डिंग पास पर लगी प्रस्थान मुहर के अंक अलग-अलग हैं।
श्रीलंकाई ने लंदन में जाहिर की असली पहचान
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, ब्रिटेन पहुंच चुके श्रीलंकाई नागरिक को जब यह आभास हो गया कि उसकी करतूत पकड़ी गई है, तब उसने अपनी असल पहचान जाहिर कर दी। उसे मंगलवार को मुंबई वापस भेज दिया गया। अधिकारी के अनुसार, पूछताछ में श्रीलंकाई नागरिक ने पुलिस को बताया कि वह करियर के बेहतर अवसर की तलाश के लिए ब्रिटेन जाना चाहता था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने श्रीलंकाई युवक से बोर्डिंग पास की अदला-बदली कर काठमांडू जाने वाले जर्मन नागरिक को भी पकड़ लिया।
होटल में बनाई थी बोर्डिंग पास के अदला-बदली की योजना
अधिकारी के मुताबिक, दोनों विदेशी नागरिकों से पूछताछ से खुलासा हुआ है कि वे नौ अप्रैल को मुंबई में हवाई अड्डे के पास एक लक्जरी होटल में रुके थे। वहीं पर बोर्डिंग पास की अदला-बदली की योजना बनाई थी। सहार पुलिस ने दोनों विदेशी नागरिकों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अपराध में कुछ और लोग तो शामिल नहीं थे।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।