National herald Case: ईडी दफ्तर में सोनिया, सड़क पर कांग्रेसी
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 01:46 PM
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 01:46 PM
New Delhi: नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के लिए ईडी के दफ्तर में हैं और पूछताछ के विरोध में कांग्रेसी सड़कों पर हैं। बीते गुरुवार को भी सोनिया गांधी से ईडी ने पूछताछ की थी। तब दो घंटे तक पूछताछ चली थी। मंगलवार को भी सोनिया गांधी से ईडी पूछताछ कर रही है। इसके विरोध में देशभर में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर हैं। विजय चौक पर धरने पर बैठे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस बीच, सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ पूरी हो गई और वह अपने घर की ओर रवाना हो गईं।
विजय चौक पर धरना दे रहे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई, बेरोजगारी की बात करने से हमें रोक रही है। उन्होंने कहा कि न यहां धरना देने दे रहे हैं और न ही संसद के अंदर चर्चा की अनुमति मिल रही है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि सरकार की तानाशाही देखिए, शांतिपूर्ण प्रदर्शन नहीं कर सकते, महंगाई और बेरोजगारी पर चर्चा नहीं कर सकते। पुलिस और एजेंसियों का दुरूपयोग करके हमें गिरफ्तार करके भी, कभी चुप नहीं करा पाओगे। सत्य ही इस तानाशाही का अंत करेगा।
इस बीच, कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि केंद्र सरकार ने ठान रखी है कि वे एजेंसियों का गलत उपयोग करके विपक्ष की आवाज को कुचलने और कांग्रेस के नेताओं को टारगेट करेंगे। हम पूछताछ से नहीं डर रहे हैं, केस में कोई दम नहीं है। लगातार हर बात का जवाब दिया जा रहा है, लेकिन इन एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है।
गौरतलब है कि पहले दौर की पूछताछ में सोनिया गांधी ने जांच अधिकारियों के 28 सवालों के जवाब दिए थे। अधिकारियों ने बताया कि पहले दौर की तरह आज होने वाली पूछताछ के दौरान भी कोरोना प्रोटोकाल का पूरी तरह पालन किया जाएगा। ईडी कार्यालय में डाक्टर मौजूद रहेंगे और एंबुलेंस भी तैनात रखी जाएगी। सोनिया के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी भी ईडी कार्यालय पहुंच सकते हैं।