National News : आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रेड्डी ने गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात
भारत
चेतना मंच
30 Dec 2022 01:43 AM
National News : नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उनसे तिरुपति में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) के परिसर की स्थापना पर विचार करने का अनुरोध किया।
National News
मुख्यमंत्री ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के समक्ष उठाए गए मुद्दों का भी जिक्र किया।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि शाह के साथ 30 मिनट चली मुलाकात में रेड्डी ने कहा कि तिरुपति शैक्षणिक केंद्र के रूप में उभरा है और एनएफएसयू परिसर की स्थापना से आपराधिक जांच के बुनियादी ढांचे की बढ़ती मांग पूरी होगी।
उन्होंने कहा कि एनएफएसयू परिसर की स्थापना दक्षिण भारत में फोरेंसिक विशेषज्ञों की बढ़ती आवश्यकता को पूरा करेगी। रेड्डी ने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार आवश्यक भूमि आवंटित करेगी।
उन्होंने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बीच विभाजन के बाद के अन्य लंबित मुद्दों को हल करने व केंद्र सरकार से 32,625.25 करोड़ रुपये की बकाया राशि जारी कराने में केंद्रीय मंत्री शाह के हस्तक्षेप की भी मांग की।
लंबित बकाया राशि में राज्य सरकार द्वारा पोलावरम सिंचाई परियोजना पर खर्च किए गए 2,937.92 करोड़ रुपये की प्रतिपूर्ति और वित्तीय वर्ष 2014-15 के लिए 18,330.45 करोड़ रुपये की संसाधन निधि व पेंशन बकाया शामिल है।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने पोलावरम परियोजना के लिए अनुमानित 55,548 करोड़ रुपये की संशोधित लागत को शीघ्र मंजूरी देने की स्वीकृति मांगी।