National News : केंद्र लाएगी नई टेलीकॉम पॉलिसी, रोजगार होगा बम्पर
National News
भारत
चेतना मंच
27 Nov 2025 05:02 AM
National News : केंद्र सरकार डिजिटल भारत के सपने को साकार करने के लिए एक नई टेलीकॉम नीति (NTP 2025) को अंतिम रूप देने में जुटी है। इस नीति का उद्देश्य देशभर में डिजिटल कनेक्टिविटी को और अधिक सशक्त बनाना और लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलना है। दूरसंचार मंत्रालय जल्द ही इसकी घोषणा कर सकता है।
क्या है NTP 2025 का उद्देश्य?
नई टेलीकॉम नीति के तहत सरकार का लक्ष्य है कि: आने वाले 5 वर्षों में 10 लाख नए रोजगार के अवसर सृजित किए जाएं।
देश की जीडीपी में सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (ICT) का योगदान मौजूदा 7.8% से बढ़ाकर 11% किया जाए।
डिजिटल सेवाओं को हर गांव, कस्बे और शहर तक पहुंचाया जाए, जिससे समावेशी विकास सुनिश्चित हो सके।
किन क्षेत्रों पर होगा विशेष फोकस?
इस नई पालिसी से केंद्र सरकार का मुख्य फोकस इन चीजों पर होगा। NTP 2025 के अंतर्गत टेलीकॉम सेक्टर के साथ-साथ ब्रॉडबैंड, मोबाइल नेटवर्क, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, और 6G जैसी उभरती तकनीकों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, नीति में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में भी निवेश और विकास को प्रोत्साहन देने की योजना है।
डिजिटल कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम
4G नेटवर्क को देश के हर कोने तक पहुंचाने और 5G कनेक्टिविटी को 90% आबादी तक विस्तार देने का लक्ष्य रखा गया है।
फाइबर इंटरनेट को सभी गांवों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
पूरे देश में वाई-फाई हॉटस्पॉट का जाल बिछाने की प्रक्रिया भी तेज़ की जाएगी।
सैटेलाइट कनेक्टिविटी से जुड़ेगा हर गांव
BharatNet प्रोजेक्ट के तहत सभी गांवों को BSNL के ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही, जियो, एयरटेल, स्टारलिंक और अमेज़न कूयिपर जैसी कंपनियां ग्रामीण भारत में सैटेलाइट इंटरनेट की सुविधा देने के लिए तैयार हो रही हैं। जल्द ही सैटेलाइट कनेक्टिविटी के लिए स्पेक्ट्रम आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी। नई नीति के तहत हर साल 1.5 लाख करोड़ रुपये तक के निवेश की संभावना जताई जा रही है। इससे न केवल दूरसंचार, बल्कि आईटी और टेक्नोलॉजी सेक्टर में भी बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर बनेंगे। National News