National News : जानिये, ऊर्जा संरक्षण के लिए रेलवे को मिले कितने पुरस्कार
Know, how many awards Railways got for energy conservation
भारत
RP Raghuvanshi
15 Dec 2022 05:02 PM
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने वर्ष 2022 के लिए नौ राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार जीते हैं। दक्षिण मध्य रेलवे ने रेलवे स्टेशन की श्रेणी में पहला और दूसरा पुरस्कार अपने नाम किया है। ये पुरस्कार विद्युत मंत्रालय के तत्वावधान में ‘ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी’ द्वारा आयोजित एक समारोह में सर्वश्रेष्ठ ऊर्जा प्रबंधन के लिए दिए गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेताओं को पुरस्कार सौंपे।
National News
मंत्रालय की ओर से बृहस्पतिवार को जारी बयान के मुताबिक रेलवे स्टेशन की श्रेणी में ऊर्जा संरक्षण उपायों के लिए काचीगुडा स्टेशन (तेलंगाना) को पहला और गुंतकल रेलवे स्टेशन (आंध्र प्रदेश) को दूसरा पुरस्कार मिला है। इस श्रेणी में कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन (उत्तर मध्य रेलवे), राजमुंदरी रेलवे स्टेशन (दक्षिण मध्य रेलवे) और तेनाली रेलवे स्टेशन (दक्षिण मध्य रेलवे) को योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
भवन श्रेणी में उत्तर-पश्चिम रेलवे के अजमेर वर्कशॉप को प्रथम पुरस्कार मिला। वहीं, रेलवे अस्पताल गुंतकल (दक्षिण मध्य रेलवे), इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन ट्रेनिंग सेंटर, विजयवाड़ा (दक्षिण मध्य रेलवे) और मंडल रेलवे अस्पताल, प्रतापनगर (पश्चिम रेलवे) को योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। रेलवे पिछले कई वर्षों से लगातार एलईडी लाइटिंग सहित अन्य प्रभावी ऊर्जा संरक्षण उपायों को लागू कर रहा है।