National News : एक्शन में एनआईए, 09 राज्यों में पीएफआई के ठिकानों पर छापे
National News: NIA in action, raids on PFI locations in 09 states
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 02:06 PM
National News : नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में अपनी जड़ें जमा चुकी पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) का खात्मा करने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के साथ ही दूसरी सुरक्षा एजेंसियों ने कमर कस ली है। मंगलवार को एनआईए ने दिल्ली समेत देश के नौ राज्यों में छापेमारी की है। इस कार्रवाई के दौरान दिल्ली के शाहीनबाग से 30, मध्य प्रदेश से 22 और यूपी के विभिन्न जिलों से 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और ईडी ने मंगलवार को पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के कई ठिकानों पर छापेमारी की। दिल्ली के शाहीन बाग में एनआईए ने रेड करके पीएफआई से जुड़े 30 लोगों को हिरासत में लिया है। शाहीनबाग में इस एक्शन के बाद केंद्रीय पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है। वहीं, महाराष्ट्र के औरंगाबाद से 8, कर्नाटक के कोलार से 6 और असम से 7 पीएफआई कार्यकर्ताओं को पकड़ा गया है। एनआईए और 9 राज्यों की एटीएस एक साथ एक्शन में है।
दिल्ली के शाहीन बाग में एनआईए की टीम ने मंगलवार की सुबह छापा मारकर 30 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से कुछ के बारे में पुख्ता सूचना मिली थी, जबकि कुछ को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया है। इस एक्शन के दौरान पूरे शाहीनबाग में केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती कर दी गई है। शाहीन बाग में ही सीएए और एनआरसी के खिलाफ कई महीने तक लगातार प्रदर्शन हुआ था।
उत्तर प्रदेश एटीएस ने गाजियाबाद, मेरठ और बुलंदशहर में छापेमारी कर 16 लोगों को हिरासत में लिया है। गाजियाबाद से 12, मेरठ से 3 और बुलंदशहर से एक संदिग्ध को गिरफ्त में लिया गया है। एटीएस को जानकारी मिली थी कि ये सभी पीएफआई से जुड़े हुए हैं। इस कार्रवाई के दौरान बुलंदशहर में पीएफआई से जुड़े वकील को भी हिरासत में लिया गया है।
मध्य प्रदेश एटीएस ने सोमवार रात भोपाल, उज्जैन, इंदौर समेत 8 जिलों में पीएफआई सदस्यों के ठिकानों पर रेड की है। जांच एजेंसी ने 22 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इन संदिग्धों की जानकारी पूर्व में पकड़े गए 4 आरोपियों की पूछताछ में मिली थी। एटीएस की कार्रवाई अभी जारी है। उज्जैन से पीएफआई के तीन सदस्यों को उठाए जाने की खबर है। एनआईए के अनुसार, यह छापों का सेकेंड राउंड हैं। पहले राउंड में 15 से ज्यादा राज्यों में छापे के दौरान पीएफआई के 106 कार्यकर्ता गिरफ्तार किए थे।