National News : सिर्फ 10 रुपये के लिए दोस्त ने ही युवक को मार डाला
The friend killed the young man for only 10 rupees
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 07:08 PM
सिलीगुड़ी। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक युवक ने दस रुपये को लेकर हुए झगड़े में अपने दोस्त की कथित तौर पर पत्थर से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि 20 वर्षीय राम प्रसाद साहा का शव बुधवार को बैकुंठपुर के जंगलों में मिला। जांच के दौरान पता चला है कि साहा मादक पदार्थ की लत का शिकार था और अपनी तलब को शांत करने के लिए नियमित रूप से जंगलों में जाता था। पुलिस के मुताबिक, सोमवार को साहा अपने दो दोस्तों-सुब्रत दास (22) और अजय रॉय (24) के साथ जंगल गया था, जो खुद मादक पदार्थ की लत के शिकार हैं।
National News
अधिकारियों ने बताया कि नशे में धुत्त साहा ने पाया कि उसके पास पैसे नहीं हैं। उसने और मादक पदार्थ खरीदने के लिए सुब्रत से दस रुपये मांगे। पुलिस के अनुसार, पैसों की मांग को लेकर साहा और सुब्रत में झगड़ा होने लगा। इस दौरान सुब्रत ने कथित तौर पर पत्थर से पीट-पीटकर साहा की हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि सिलीगुड़ी मेट्रो पुलिस की आशीघर चौकी के अधिकारियों ने सुब्रत और अजय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि वह मामले में अजय की भूमिका की जांच कर रही है।