
नड्डा ने कहा, कल तक मन में आपके दर्शन करने का उमंग था, लेकिन कल रात की घटना ने मन को दुखी कर दिया। मैं भाजपा के शहीद वीर सिपाहियों के परिजनों से कहूंगा कि आपका बेटा इस लड़ाई में अकेला नहीं है, 18 करोड़ व्यक्तियों की पूरी पार्टी आपके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा, मैं बताना चाहता हूं कि कांग्रेस का दूसरा नाम ही छलावा है। किसी काम को लटकाना, अटकाना, भटकाना यह कांग्रेस की रीति-नीति है। यह इसीलिए बने हैं, लेकिन हम विकास के लिए बने हैं। वह विकास को अवरुद्ध करने के लिए बने हैं। उनका लक्ष्य फूट डालो और राज करो है। नड्डा ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी और उनका परिवार यहां पिकनिक मनाने आते थे, वहां ज्यादा गरमी होती थी तो वह यहां जंगल के ठंड का आनंद लेने आते थे।
उन्होंने कहा कि जब रमन सिंह की सरकार आयी तब छत्तीसगढ़ और बस्तर की सुध ली गई और यहां विकास कार्य हुआ। भाजपा नेता ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो) के तहत आज छत्तीसगढ़ बलात्कार में सातवें, डकैती में पांचवें, फिरौती में चौथे, आत्महत्या में दूसरे, मादक पदार्थ गिरोह में दूसरे, हत्या में तीसरे और जल जीवन मिशन में 31वें नंबर पर है। उन्होंने पूछा कि क्या ऐसी सरकार को छत्तीसगढ़ में रहने देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास हुआ है और देश का दुनिया में सम्मान बढ़ा है। भाजपा नेता ने पूछा कि क्या पहले आपने कभी सुना था कि प्रधानमंत्री ने कोई युद्ध रुकवाया हो। उन्होंने कहा कि जब छत्तीसगढ़ के 12 सौ विद्यार्थी यूक्रेन में फंसे थे, तो मोदी जी ने पुतिन और जेलेंस्की से बात की और युद्ध रुकवाया तथा देश के 32 हजार बच्चे सुरक्षित भारत वापस पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह बदलते भारत की तस्वीर है।
उन्होंने सभा में आए लोगों से कहा कि यदि विकास चाहते हैं तब बघेल को आराम दें और भारतीय जनता पार्टी को काम दें। नड्डा ने कहा कि नक्सलियों से लड़ने का दम और ताकत भारतीय जनता पार्टी के पास है, यह विचारों की लड़ाई है और कार्यकर्ता इस संदेश को लोगों तक पहुंचाएं।
इस दौरान सभा में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उप प्रभारी नितीन नवीन, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और अन्य नेता मौजूद थे। नड्डा बाद में नारायणपुर पहुंचे और संदिग्ध नक्सलियों के हमले में मारे गये सागर साहू के परिजनों से मुलाकात की