National Youth Festival : हुब्बल्लि में होने वाले 26वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
PM Modi will inaugurate the 26th National Youth Festival to be held in Hubballi
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 07:55 AM
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को कर्नाटक के हुब्बल्लि में 26वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव (26th National Youth Festival) का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी। आध्यात्मिक गुरु स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।
National Youth Festival
पीएमओ ने कहा कि राष्ट्रीय युवा महोत्सव राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभावान युवाओं को अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करने के लिए हर साल आयोजित किया जाता है। उसने कहा कि यह देश के सभी हिस्सों की विविध संस्कृतियों को एक मंच प्रदान करता है और प्रतिभागियों को एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना में बांधता है।
इस वर्ष, राष्ट्रीय युवा महोत्सव 12 से 16 जनवरी तक कर्नाटक के हुब्बल्लि में आयोजित किया जा रहा है। इसका विषय ‘विकसित युवा, विकसित भारत’ है। पीएमओ ने कहा कि महोत्सव के दौरान युवा शिखर सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें जी-20 के अलावा काम, उद्योग और नवाचार के भविष्य, 21 वीं सदी के कौशल, जलवायु परिवर्तन और आपदा जोखिम में कमी, लोकतंत्र और शासन में साझा भविष्य और स्वास्थ्य व कल्याण जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
शिखर सम्मेलन (Summit) में साठ से अधिक प्रख्यात विशेषज्ञ भाग लेंगे। कई प्रतिस्पर्धी और गैर-प्रतिस्पर्धी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पीएमओ ने कहा कि प्रतिस्पर्धी कार्यक्रमों में लोक नृत्य और गीत शामिल होंगे। स्थानीय पारंपरिक संस्कृतियों को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया गया है। गैर-प्रतिस्पर्धी कार्यक्रमों में योगाथन शामिल होगा, जिसका उद्देश्य योग करने के लिए लगभग 10 लाख लोगों को जुटाना है। राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा इस आयोजन के दौरान आठ स्वदेशी खेल और मार्शल आर्ट भी प्रस्तुत किए जाएंगे।