JEE की कोचिंग कर रहे UP के छात्र की सरियों से पीटकर की हत्या
Noida News
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:36 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:36 AM
Kota News: राजस्थान के कोटा में छात्रों की आत्महत्या के मामले अभी शांत हुए नहीं कि कोटा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में एक कोचिंग स्टूडेंट की पीट पीट कर हत्या कर दी गई है। मृतक छात्र उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का बताया जा रहा है। फिलहाल कोटा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Kota News
17 वर्षीय कोचिंग छात्र सत्यवीर यूपी के गोरखपुर का रहने वाला था और कोटा में रहकर जेईई तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह दो सालों से यहा रहकर कोचिंग कर रहा था। घटना के बारे में मृतक छात्र के परिवार को सूचित कर दिया गया है।
सरियों से पीटकर की छात्र की हत्या
मृतक सत्यवीर कोटा में इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा था। जहां वो इंदिरा विहार में रह रहा था। सोमवार की शाम के समय सत्यवीर इंदिरा विहार इलाके में ही स्थित पंजाबी मेस के पास एक थड़ी पर चाय पी रहा था। उसी समय मुंह पर कपड़ा लपेटे कुछ लड़के वहां आए जिन्होने आते ही सत्यवीर पर सरिये से वार कर दिया। इससे सत्यवीर के मुंह और सिर पर गंभीर चोट लगी। जिसके बाद उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल लाया गया। जहां उसकी मौत हो गई।
परिवार में इकलौता था मृतक
बताया जा रहा है कि मृतक सत्यवीर परिवार में इकलौता था। बेटे की मौत की सूचना पर पिता गांव से कोटा के लिए रवाना हो गए है। पिता के कोटा आने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। मृतक छात्र सत्यवीर साल के पिता का नाम तारकेश्वर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में रहते हैं। यहां कोटा में उसकी मां उसके साथ में रह रही थीं।
स्थानीय लोगों ने कहा...
इंद्रा विहार इलाके में दुकान लगाने वाले गजेंद्र ने बताया कि कई लड़के एक युवक को पीटते हुए आ रहे थे। युवक आगे-आगे दौड़ रहा था और वो मेरी दुकान के पास आकर गिर गया। उसे दौड़ा रहे लड़कों के हाथों में सरिया और चेन थी। उसके बाद फिर कुछ युवक घायल छात्र को ऑटो में डालकर ले गए। वहीं इन्द्र विहार निवासी जेके जैन ने बताया कि घटना शाम 7 बजे के आसपास की है। मैं छत पर टहल रहा था कि कुछ लड़के एक युवक को दौड़ा रहे थे। वो लड़का नीचे गिर गया जिसे कुछ लड़के गोद में उठाकर ले गए। जैन ने बताया कि ये लड़के भोजपुरी भाषा में बात कर रहे थे।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए डिप्टी एसपी भवानी सिंह ने बताया कि सत्यवीर नाम का कोचिंग छात्र जो कि गोरखपुर का रहने वाला था। कोटा में इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा था, और वह इंदिरा विहार में रहता था। सोमवार की शाम के टाइम बाहर बैठा था। तभी वहां पर सात-आठ लड़के आए और उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। जिन लड़कों ने मारपीट की है। उनकी तलाश की जा रही है। अभी तक जो जानकारी मिली है, उसमें यही पता चला है वह भी कोचिंग छात्र ही थे। ये भी पता चला है कि मारपीट में इंटरनल इंजरी के कारण उसकी मौत हुई है। फिलहाल झगड़े के कारण सामने नहीं आए हैं। फिलहाल मृतक छात्र के शव को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में शिफ्ट करवाया गया है।
देशविदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिए चेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।