यमुना सिटी में ट्रामा सेंटर बनकर तैयार, क्षेत्रवासियों को होगी सुविधा
Yamuna City News
भारत
RP Raghuvanshi
19 Jun 2025 12:25 AM
भारत
RP Raghuvanshi
19 Jun 2025 12:25 AM
Yamuna City News : जिले के इकलौते ट्रामा सेंटर की इमारत बनकर तैयार है। यमुना सिटी के सेक्टर-22डी में 1500 वर्ग मीटर क्षेत्र में यह इमारत बनकर तैयार हुई है। इसे बनाने वाले उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम ने स्वास्थ्य विभाग को इमारत का हस्तांतरण लेने के लिए प्रस्ताव भेज दिया है। हस्तांतरण प्रक्रिया के बाद स्वास्थ्य विभाग ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ समेत अन्य जरूरी उपकरण की व्यवस्था कर इसे शुरू करने की कवायद करेगा।
ट्रामा सेंटर की इमारत बनकर तैयार
उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम की ओर से वर्ष 2023 में ट्रामा सेंटर और अस्पताल बनाने का कार्य शुरू किया गया था। कुल 24 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में ट्रामा सेंटर और अस्पताल बनाया जाना था। इसकी लागत करीब 40 करोड़ रुपये तय की गई थी। अस्पताल के लिए भूमि मिलने में कुछ अड़चने आ रही थी। वहीं, 1500 वर्ग मीटर क्षेत्र में ट्रामा सेंटर बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया था। अब ट्रामा सेंटर की इमारत बनकर तैयार हो गई है।
जिले में अभी तक एक भी ट्रामा सेंटर नहीं
घायलों को 70 किमी दूर दिल्ली जाना पड़ता था क्योंकि यहां कोई ट्रामा सेंटर नहीं था। यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, जीटी रोड समेत जिले में कहीं भी अंदरूनी सड़कों पर दुर्घटना में गंभीर रूप से घायलों के लिए जिले में एक भी ट्रामा सेंटर नहीं था। धीरेंद्र सिंह, विधायक जेवर ने बताया कि इसके लिए लंबे समय से शासन से ट्रामा सेंटर बनवाने का प्रयास किया जा रहा था। अब ट्रामा सेंटर की इमारत बनकर तैयार है। इसके साथ ही 100 बेड के अस्पताल का निर्माण कार्य जारी है। घायलों को एम्स के ट्रामा सेंटर लेकर जाना पड़ता है। कई बार 70 से 80 किलोमीटर तक लोग घायलों को ले जाते हैं। या फिर बड़े निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। अब ट्रामा सेंटर शुरू होने के बाद गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को यह सुविधा मिल सकेगी। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम की ओर से हस्तांतरण के लिए प्रस्ताव गया है। जिले के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि हस्तांतरण होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ट्रामा सेंटर की इमारत की जांच करेगी। Yamuna City News