विज्ञापन
NEET UG 2026 : आज का दिन लाखों अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होगी लेकिन उम्मीदवारों को काफी पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।

NEET UG 2026 Guidelines: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 आज आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में करीब 22.7 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस, बीएचएमएस, बीयूएमएस समेत कई मेडिकल कोर्स में दाखिले का रास्ता इसी परीक्षा से होकर जाता है। ऐसे में आज का दिन लाखों अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होगी लेकिन उम्मीदवारों को काफी पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
NEET UG परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होगी और शाम 5:15 बजे तक चलेगी। हालांकि उम्मीदवारों की एंट्री सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगी। सबसे जरूरी बात यह है कि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। चाहे देरी ट्रैफिक की वजह से हुई हो या किसी अन्य कारण से नियम सभी पर समान रूप से लागू होगा। इसलिए घर से समय रहते निकलना सबसे सुरक्षित रहेगा। NTA ने भी उम्मीदवारों को मौसम और ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पहले पहुंचने की सलाह दी है।
कई बार छात्र एडमिट कार्ड लेकर तो पहुंच जाते हैं लेकिन दूसरे जरूरी दस्तावेज भूल जाते हैं। ऐसी गलती आज बिल्कुल न करें। उम्मीदवारों के पास एडमिट कार्ड की प्रिंट कॉपी होनी चाहिए। इसके साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या कोई अन्य सरकारी फोटो पहचान पत्र भी होना जरूरी है। इसके अलावा आवेदन फॉर्म में अपलोड की गई फोटो जैसी ही दो पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ रखें। एक फोटो एडमिट कार्ड पर लगी होनी चाहिए और दूसरी उपस्थिति पत्रक के लिए मांगी जा सकती है। सेल्फ डिक्लेरेशन और अंडरटेकिंग फॉर्म भी भरकर साथ ले जाना जरूरी है। अगर इनमें से कोई जरूरी दस्तावेज नहीं है तो परीक्षा केंद्र पर परेशानी हो सकती है।
कई छात्र आदत के कारण अपना पेन साथ रख लेते हैं लेकिन NEET में ऐसा करने की जरूरत नहीं है। परीक्षा केंद्र पर ही काला बॉल प्वाइंट पेन उपलब्ध कराया जाएगा। उम्मीदवारों को उसी पेन से OMR शीट भरनी होगी। इसलिए अतिरिक्त पेन या स्टेशनरी ले जाने से बचें।
NEET परीक्षा में ड्रेस कोड का विशेष ध्यान रखा जाता है। लड़कों को हल्के और साधारण कपडे पहनकर आने की सलाह दी गई है। आधी बाजू की शर्ट या टी-शर्ट सबसे बेहतर विकल्प माना जा रहा है। बड़े बटन, ज्यादा जेब, चेन या किसी भी तरह की धातु वाले कपड़ों से बचना चाहिए। लड़कियों के लिए भी साधारण और आरामदायक कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। आधी बाजू की कुर्ती या टॉप पहना जा सकता है। ऐसे कपड़े न पहनें जिनमें मेटल की जिप या चेन लगी हो। बहुत भारी या फैशनेबल ड्रेस पहनकर आने से सुरक्षा जांच में ज्यादा समय लग सकता है।
NTA के निर्देशों के अनुसार उम्मीदवारों को जूते पहनकर परीक्षा केंद्र नहीं जाना चाहिए। कम हील वाली चप्पल या सैंडल पहनना सबसे सुरक्षित विकल्प माना गया है। कई बार उम्मीदवार छोटी-सी गलती की वजह से अतिरिक्त जांच में फंस जाते हैं और उनका समय खराब हो जाता है। इसलिए ड्रेस कोड का पूरी तरह पालन करना ही समझदारी है।
यदि कोई अभ्यर्थी धार्मिक कारणों से धागा, कड़ा या अन्य वस्तु पहनता है या फिर फुल स्लीव कपड़े पहनकर जा रहा है तो उसे सामान्य उम्मीदवारों से पहले केंद्र पहुंचना चाहिए। ऐसी स्थिति में सुरक्षा जांच में ज्यादा समय लग सकता है। समय की कमी के कारण अंतिम समय में पहुंचना जोखिम भरा साबित हो सकता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस बार NTA ने एक खास चेतावनी भी जारी की है। एजेंसी के अनुसार कुछ परीक्षा केंद्र Google Maps और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर गलत तरीके से मैप किए गए पाए गए थे। ऐसे में सिर्फ मैप पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है। NTA ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए पूरे पते को ध्यान से पढ़ें और उसी के आधार पर केंद्र तक पहुंचें। कई मामलों में Google Maps संस्थान का गलत गेट या गलत लोकेशन दिखा देता है, जिससे उम्मीदवारों को परेशानी हो सकती है। इसलिए यदि संभव हो तो स्थानीय लोगों से जानकारी लें या पहले से रास्ते की पुष्टि कर लें।
मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, ईयरफोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और किसी भी तरह की स्मार्ट डिवाइस पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। इसके अलावा बेल्ट, जूलरी, अंगूठी, कंगन, चेन, घड़ी, सनग्लासेस और अन्य धातु वाली चीजें भी साथ नहीं ले जानी चाहिए। खाने-पीने का सामान भी परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं है। केवल पारदर्शी पानी की बोतल साथ रखी जा सकती है।
NEET में सिर्फ सही जवाब देना ही काफी नहीं होता, OMR शीट को सही तरीके से भरना भी उतना ही जरूरी है। उम्मीदवारों को रोल नंबर, प्रश्न पुस्तिका नंबर और अन्य विवरण बहुत सावधानी से भरने होंगे। गोले को पूरी तरह और साफ तरीके से भरें। कटिंग, ओवरराइटिंग या एक से ज्यादा विकल्प भरने जैसी गलती से बचें। OMR शीट पर किसी तरह की गंदगी या अनावश्यक निशान भी नहीं होने चाहिए।
परीक्षा के दौरान टॉयलेट जाने की अनुमति तो होगी, लेकिन वापस आने पर दोबारा सुरक्षा जांच की जाएगी। साथ ही परीक्षा शुरू होने के पहले 30 मिनट और अंतिम 30 मिनट में टॉयलेट ब्रेक नहीं मिलेगा। इसलिए उम्मीदवारों को अपनी तैयारी उसी हिसाब से करनी चाहिए।
आज परीक्षा देने जा रहे सभी छात्रों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि घबराएं नहीं। एडमिट कार्ड, फोटो आईडी और जरूरी दस्तावेज एक बार फिर जांच लें। समय से पहले घर से निकलें, हल्के कपड़े पहनें और Google Maps के बजाय एडमिट कार्ड पर लिखे पूरे पते को प्राथमिकता दें। अगर आप समय पर केंद्र पहुंच गए और नियमों का पालन किया तो आधी चिंता वहीं खत्म हो जाएगी। अब पूरा ध्यान सिर्फ परीक्षा पर रखें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करें।
विज्ञापन