NEET Result 2026: NTA ने नीट यूजी 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। पंजाब, हरियाणा, यूपी, बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों के टॉपर्स की लिस्ट सामने आ गई है। जानें पूरी जानकारी।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। रिजल्ट जारी होने के बाद अब देशभर के मेडिकल उम्मीदवारों का इंतजार खत्म हो गया है। इस बार लुधियाना के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल की है। दोनों छात्रों ने 99.9999 परसेंटाइल स्कोर किया है। रिजल्ट के साथ ही अलग-अलग राज्यों के टॉपर्स की सूची भी जारी की गई है। इसमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र और कई अन्य राज्यों के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है।
NEET UG 2026 के राज्यवार टॉपर्स की बात करें तो पंजाब से आर्यन गुप्ता ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया और वह देश के संयुक्त रूप से नंबर-1 रैंक हासिल करने वाले छात्रों में शामिल रहे। वहीं हरियाणा के पांशुल बंसल ने भी AIR 1 हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया। राजस्थान के उपलक्ष्य गोयल ने 99.99985 परसेंटाइल के साथ ऑल इंडिया रैंक 3 हासिल की। बिहार के आयुष भलोटिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए AIR 4 प्राप्त की और राज्य के टॉपर बने। दिल्ली से काशवी ढल ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। काशवी ढल की ऑल इंडिया रैंक 24 रही। वहीं उत्तर प्रदेश से आर्यन दुबे ने टॉप किया और उन्होंने देशभर में 7वीं रैंक हासिल की। महाराष्ट्र की कुडाले श्रावणी कृष्णा ने महिला उम्मीदवारों में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने AIR 5 हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया। इसके अलावा बिहार की रिया रंजन ने AIR 6 प्राप्त की।
इस साल NEET UG परीक्षा में देशभर से 20 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए थे। इनमें से कुल 11.21 लाख उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है। सफल उम्मीदवारों में महिलाओं की संख्या 58 फीसदी से अधिक रही है। परीक्षा के स्कोर की बात करें तो इस बार 19 उम्मीदवारों ने 700 अंक हासिल किए हैं। वहीं 138 उम्मीदवार ऐसे रहे जिन्होंने 690 अंक प्राप्त किए। इसके अलावा 1,492 उम्मीदवारों ने 650 या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं। 600 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों की संख्या 10,160 रही है। इस आंकड़े से साफ है कि इस बार मेडिकल सीटों के लिए प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी रहने वाली है।
NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी होने के बाद अब मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। जिन उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है उन्हें काउंसलिंग में हिस्सा लेना होगा। काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा। इसके बाद उम्मीदवारों को मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) और संबंधित राज्य काउंसलिंग प्राधिकरणों की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। काउंसलिंग के दौरान उम्मीदवारों की रैंक, पसंद और उपलब्ध सीटों के आधार पर मेडिकल कॉलेज और कोर्स का आवंटन किया जाएगा।
NEET UG के जरिए देशभर के मेडिकल कॉलेजों में MBBS सीटों पर दाखिला दिया जाता है। इस साल कुल करीब 1,36,939 MBBS सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया होगी। इनमें लगभग 56 हजार सीटें सरकारी मेडिकल कॉलेजों में हैं जबकि करीब 52 हजार सीटें निजी मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध हैं। इसके अलावा अन्य संस्थानों की सीटें भी काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से भरी जाएंगी।
विज्ञापन