New Delhi : केंद्रीय मंत्री ने रोहिणी के पायल को दिया अल्ट्रालाइट वेट स्पाइनल ब्रेसेस उपकरण, राखी भी बंधवाई
भारत
RP Raghuvanshi
11 Aug 2022 10:22 PM
New Delhi : नई दिल्ली। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने गुरुवार को दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की टीम के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्यांगजन संस्थान की ओर से तैयार किया गया अल्ट्रालाइट वेट स्पाइनल ब्रेसेस कैंसर उत्तरजीवी पायल सोलंकी को उनके निवास रोहिणी के पूठकलां जाकर लगवाया। इस दौरान पायल ने केंद्रीय मंत्री को राखी बांधी।
अल्ट्रालाइट वेट स्पाइनल ब्रेसेस विज्ञान जगत की सबसे आधुनिक और भारत में प्रयोग किए जाने वाली नवसृजित तकनीक है। अल्ट्रालाइट वेट स्पाइनल ब्रेसेस पाकर पायल और उसके परिवार के लोग बेहद खुश थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि निकट भविष्य में यह तकनीक सभी दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जाएंगे।
इस मौके पर विभाग के संयुक्त सचिव राजीव शर्मा, संस्थान के उप निदेशक ललित नारायण, प्रबंधक (कार्यशाला) जी. पांडियन और प्लेसमेंट अधिकारी महेश शर्मा के अलावा कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
इस दौरान वहां मौजूद शहीद भगत सिंह सोसाइटी के सदस्यों ने भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की इस पहल की सराहना की। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्यांगजन संस्थान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री के नेतृत्व में दिव्यांगजनों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।