
New Year 2023 : शिमला। नए साल पर जश्न मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के शिमला जाने वाले पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। हिमाचल प्रदेश में नये साल पर पर्यटकों की आमद को देखते हुए राज्य के सभी रेस्तरां, ढाबे, चाय की दुकान और अन्य भोजनालयों को दो जनवरी तक चौबीसों घंटे खुले रहने की अनुमति दी जाएगी। एक आधिकारिक बयान से यह जानकारी मिली।
बयान में कहा गया है कि यह फैसला मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला, मनाली और कसौली के विधायकों के अनुरोध और सुझाव पर किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आने वाले पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आपको बता दें कि नए साल का जश्न मनाने के लिए हजारों पर्यटक हिमाचल प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर जाते हैं। विशेषकर शिमला में 31 दिसंबर की रात को भारी भीड़ भी नजर आती है। पूर्व की व्यवस्था के अनुसार एक निर्धारित समय तक ही हिमाचल प्रदेश में रात के समय रेस्टोरेंट, ढाबे और चाय की दुकान खुलती थी, लेकिन इस साल सरकार दो जनवरी तक हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और अन्य प्रमुख पयर्टन स्थलों पर 24 घंटे रेस्टोरेंट, ढाबे और चाय आदि की दुकानें खुलेंगी।