नई दिल्ली (एजेंसी)। संसद के शीतकालीन सत्र में विपक्षी दलों के अडिय़ल रुख के कारण राज्यसभा लगातार बाधित हो रही है। राज्यसभा के 12 सदस्यों के निलंबन की वापसी और किसानों के लिए एमएसपी की गारंटी सहित कई मांगों को लेकर विपक्ष सदन की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है।
दूसरी तरफ नगालैंड फायरिंग के मुद्दे पर भी आज विपक्ष ने हंगामा किया। इसके कारण राज्यसभा की कार्यवाही को दूसरी बार 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज संसद के दोनों सदनों में नगालैंड फायरिंग घटना पर बयान देंगे। इस मुद्दे पर लोकसभा में भी विपक्ष ने हंगामा किया।
थरूर ने खुद को संसद टीवी से किया अलग
नई दिल्ली (राष्ट्रीय ब्यूरो)। राज्यसभा से विपक्ष के 12 सांसदों के निलंबन के विरोध में पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर ने संसद टीवी के एक शो ‘टू द पॉइंट’के मेजबान का पद छोड़ दिया है। उन्होंने ऐलान किया कि सदस्यों का निलंबन रद्द होने तक वे इस शो से दूर रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि संसद का शीतकालीन सत्र 29 नवम्बर से शुरू हो चुका है। लेकिन कामकाज नहीं हाक पा रहा है।संसद के दोनों सदनों में विपक्ष रोजाना हंगामा कर रहा है। जिससे कार्यवाही बाधित हो रही है। पिछले सप्ताह सोमवार को संसद की कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में विपक्ष के 12 राज्यसभा सदस्यों को पूरे शीतकालीन सत्र तक के लिए निलंबित कर दिया गया था। बतादें कि बीते मानसून सत्र में 11 अगस्त को भी इन्हीं सदस्यों को निलंबित किया गया था। निलंबित सदस्यों में से एक शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी ने कल रविवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए संसद टीवी के एंकर पद से इस्तीफा पहले ही दे दिया था। उन्होंने राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू को खत लिखकर इसकी जानकारी दी। माना जा रहा है कि अगर निलंबित सदस्यों का निलंबन रद्द नहीं किया गया तो विपक्ष का हंगामा जारी रहेगा। जिसके चलते शीतकालीन सत्र भी हंगामें की भेंट चढ़ सकता है।वहीं किसान आंदोलन को लेकर भी गतिरोध बना है। किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गांरटी का कानून चाहते हैं,जिसका विपक्ष समर्थन कर रहा है।
नगालैंड पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव
नगालैंड में हुई गोलीबारी और एक दर्जन से ज्यादा ग्रामीणों की मौत मामले पर सदन में चर्चा के लिए कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और मणिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है। इस घटना में एक सुरक्षाकर्मी की भी मौत हो गई थी। इसके अलावा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी स्थगन प्रस्ताव नोटिस भेजा है।