News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
Mohan Bhagwat
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 05:27 PM
राष्ट्रीय :1. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धमकी देने के आरोप में शनिवार रात को इंजीनियरिंग की पढ़ाई अधूरी छोड़ चुके छात्र अमन सक्सेना को बदायूं से पकड़ा गया। प्रकरण में गुजरात की एक युवती व युवक का नाम भी आया है। गुजरात एटीएस इन सभी की तलाश में लगी थी। देर रात तक पूछताछ के बाद टीम अमन को अपने साथ ले गई। रात करीब 10 बजे गुजरात एटीएस के इंस्पेक्टर वीएन बघेला टीम के साथ सिविल लाइंस थाने पहुंचे। इसके बाद स्थानीय पुलिस की सहायता से आदर्शनगर में अमन सक्सेना को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री कार्यालय की आईडी पर ईमेल करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धमकी दी गई थी। इस प्रकरण में गुजरात के युवक, युवती का नाम आया तो वहां की एटीएस भी सक्रिय हो गई। संयुक्त टीम तीनों आरोपितों की तलाश में जुटी थी। सर्विलांस के माध्यम से अमन की लोकेशन ट्रेस होते ही टीम रात में शहर आ गई। आरोपित अमन सक्सेना कुछ समय पहले बरेली के राजर्षि कालेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था मगर, अधूरी छोड़ दी। आरोपितों ने किस मकसद से धमकी दी, इसकी जांच की जा रही है। अन्य दोनों आरोपितों के बारे में गुजरात एटीएस के इंस्पेक्टर वीएल बघेला ने कोई जानकारी साझा नहीं की। एटीएस इंस्पेक्टर के साथ आए एक अन्य सदस्य से जब इस मामले की जानकारी ली गई तो उसने बताया कि आरोपित से पूछताछ चल रही है। अभी कुछ नहीं बता सकते। सिविल लाइंस थाने के इंस्पेक्टर सहंसरवीर सिंह ने बताया कि एटीएस ने ई-मेल की जांच के संबंध में पकड़ा है।
2. स्वयं सेवक संघ के सर संघ संचालक मोहन भागवत बिहार के सारण जिला स्थित मलखाचक गांव पहुंचे हुए हैं। वहां वे संघ के कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। इसके साथ ही सवाल यह है कि भागवत के कार्यक्रम के लिए आरएसएस ने मलखानचक गांव को क्यों चुना? इस गांव को आज बिहार में भी लोग कम जानते हैं, लेकिन स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में अंग्रेज इस बात पर संशय में थे कि यह गांव हिंसात्मक आंदोलन का गढ़ है या अहिंसात्मक आंदोलन का। यहां महात्मा गांधी और पंडित नेहरू के साथ-साथ क्रांतिकारी भगत सिंह व चंद्रशेखर आजाद आदि भी सक्रिय रहे थे। मोहन भागवत सुबह सुबह में मलखाचक गांव में सबसे पहले वे स्वतंत्रता सेनानी बासुदेव सिंह के आवास पर उनके शहीद पुत्र श्रीनारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। फिर, 8.45 बजे मलखाचक के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। वहां वे 350 स्वतंत्रता सेनानियों व उनके स्वजनों को सम्मानित करेंगे। ये स्वतंत्रता सेनानी आजतक गुमनाम या अंग्रेजों की फाइलों में लुटेरे के रूप में बदनाम थे। भागवत वरिष्ठ पत्रकार रवींद्र कुमार की पुस्तक श्स्वतंत्रता आंदोलन की बिखरी कड़ियां’ का लोकार्पण भी करेंगे। भागवत के कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह है तो प्रशासन ने सुरक्षा के खासा इंतजाम किए हैं। पूरे गांव में उत्सवी माहौल है। कार्यक्रम का गवाह बनने के लिए बिहार, झारखंड, उड़ीसा समेत दूसरे प्रदेशों में रहने वाले मलखाचक के लोग भी गांव पहुंचे हैं।
News Update :
3. सपा नेता शिवपाल यादव और अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में मेडिकल कालेज गेट पर धरना-प्रदर्शन और रास्ता जाम करने के मामले में बांसगांव के भाजपा सांसद कमलेश पासवान, पूर्व विधायक चंद्रेश पासवान समेत सात अभियुक्तों को एक साल छह माह का कारावास एवं दो हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया है। अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रभाष त्रिपाठी ने वर्ष 2008 के मामले में सुनवाई के बाद आरोप सिद्ध पाए जाने पर सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक अंबरीश मल्ल का कहना था कि 16 जनवरी 2008 को सपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने पार्टी के नेता शिवपाल यादव और अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में मेडिकल कालेज के मुख्य गेट के सामने सड़क जाम किया था। गुलरिहा थाना क्षेत्र के मेडिकल कालेज निवासी अभियुक्त कमलेश पासवान, रामवृक्ष यादव, राजी सेमरा निवासी महेश पासवान, पूर्व विधायक चंद्रेश पासवान, सराय निवासी रामआसरे, खोराबार थाना क्षेत्र के रायगंज निवासी सुनील पासवान व चिलुआताल थाना क्षेत्र के मानबेला निवासी खुदुस उर्फ घुहुस ने नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए विरोध स्वरूप तत्कालीन मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने का प्रयास करते हुए बसपा प्रत्याशी की होर्डिंग जलाने का प्रयास किया। विवेचना के बाद अभियुक्तों के विरुद्ध साक्ष्य पाए जाने पर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया। न्यायालय द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध आठ अप्रैल 2015 को आरोप बनाया गया। अभियोजन पक्ष की ओर से दस साक्षी न्यायालय में पेश किए गए। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद कहा कि अभियुक्त जनसेवक हैं उनसे कानून का पालन करने की अपेक्षा की जाती है। यदि जनसेवक द्वारा ही कानून का उल्लंघन किया जाएगा तो जनसामान्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी को एक साल छः माह का कारावास एवं दो हजार रुपए अर्थदंड से दण्डित किया जाता है।
4. बिहार के सारण जिले से बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर आ रही है। वहां सड़क किनारे एक दुकान में खा रहे 18 लोगों को एक तेज रफ्तार अनिंयंत्रित कार ने कुचल दिया है। कार संतुलन खोकर दुकान के अंदर जा घुसी। सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि वे किसी मृतक के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एकत्र हुए थे। बताया जा रहा है कि सारण जिले में ही एक अन्य कार से कुचलकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। विदित हो कि ऐसी ही एक बड़ी सड़क दुर्घटना हाल ही में बिहार के वैशाली जिले में हुई थी। इसमें छह बच्चों सहित नौ लोगों की मौत हो गई थी। वैशाली के देसरी थाना क्षेत्र के नयागंज 28 टोला के निकट घनी आबादी वाले क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने डेढ़ दर्जन लोगों को रौंदते हुए पास के पीपल के पेड़ से जा भिड़ा था।
5. राजस्थान के भरतपुर जिले में आपसी विवाद में जमकर फायरिंग हुई। वारदात में तीन सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक साथ तीन हत्याओं से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने मृतकों के शवों को स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना से वहां जबर्दस्त तनाव फैल गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस के अनुसार वारदात भरतपुर जिले के कुम्हेर थाना इलाके के सिकरौरा गांव में हुई। वहां आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इस पर एक पक्ष के युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर सोते हुए परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें गोली लगने से तीन सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई और दो महिलाओं सहित एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोलियों की आवाज पर गांव में हड़कंप मच गया. वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग छूटे।
6. कोलकाता के एक हॉस्टल में रहने वाले 10 बच्चों को बिजली का करंट लग गया। करंट लगने के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। इनमें से 5 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, एक साथ इतनी संख्या में बच्चों को करंट लगने के बाद से ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की टीम करंट लगने की जांच कर रही है। छात्रों को टूटे हुए केबल के कारण करंट लगा। बताया जा रहा है कि हॉस्टल में टूटा हुआ बिजली का तार खुले में था। इसकी चपेट में आने से बच्चों को करंट लगा है। वहीं, 10 बच्चों को एक साथ करेंट लगा, जबकि 5 को अस्प्ताल में भर्ती कराया गया है। करंट लगने के बाद से हॉस्टल में काफी भगदड़ मच गई। जैसे ही बच्चों के परिजनों को इस हादसे की सूचना मिली तो वह भागे-भागे हॉस्टल और अस्पताल पहुंचे जहां बच्चों को इलाज चल रहा है।
7. श्रद्धा वाकर हत्याकांड में आरोपी आफताब पूनावाला को दिल्ली की साकेत कोर्ट ने 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जानकारी देते हुए विशेष पुलिस आयुक्त सागरप्रीत हुडा ने बताया कि आरोपित आफताब को 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके चलते पुलिस ने आरोपित के पॉलीग्राफ टेस्ट बाकी चरणों को पूरा कराने के लिए संबंधित कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें अब आरोपित के साथ किसी भी कार्रवाई अथवा पूछताछ के लिए थाना पुलिस को संबंधित जेल प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि साकेत कोर्ट के सामने आरोपित की पेशी रोहिणी स्थित आंबेडकर अस्पताल से ही वीडियो कांन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करा दी गई थी। गौरतलब है कि श्रद्धा हत्याकांड मामले में आरोपित आफताब ने 14 दिनों तक की अधिकतम पुलिस रिमांड की अवधि पूरी कर ली थी। इसके बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
News Update :
8. दिल्ली में प्रदूषण का स्तर थोड़ा बढ़ गया है। इस वजह से पांच दिन बाद एक बार फिर दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। ग्रेटर नोएडा में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रही। इसके अलावा एनसीआर के अन्य शहरों में प्रदूषण का स्तर थोड़ा कम होने से हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। सफर इंडिया के अनुसार स्थानीय स्तर पर हवा की गति कम होने के कारण धूलकण वातावरण में कम ऊंचाई पर बने हुए हैं। इस वजह से पिछले दिन के मुकाबले प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। सफर इंडिया के अनुसार प्रदूषण में पराली के धुएं की हिस्सेदारी चार प्रतिशत से घटकर दो प्रतिशत रह गई। लेकिन, अगले तीन दिन उत्तर पश्चिम की तरफ से थोड़ी तेज हवा चल सकती है। इस वजह से पड़ोसी राज्यों से पराली का धुआं दिल्ली अधिक पहुंच सकता है। यदि ऐसा हुआ तो तीन दिन तक हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी रह सकती है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 336 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है। इससे पहले 21 नवंबर को दिल्ली का एयर इंडेक्स बेहद खराब श्रेणी में 310 दर्ज किया गया था। इसके बाद प्रदूषण के स्तर में थोड़ा सुधार होने से एयर इंडेक्स 300 से नीचे आ गया था। एक दिन पहले पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 294 था, जो अब एक बार फिर 300 के पार पहुंच गया है।
राजनीति :
1. महाराष्ट्र के ठाणे में एक योग शिविर के दौरान महिलाओं पर बाबा रामदेव की टिप्पणी पर बवाल मचा हुआ है। सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हो रही है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल से लेकर शिवसेना सांसद संजय राउत तक उन पर हमला कर चुके हैं। अब टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने भी महिलाओं के खिलाफ उनकी टिप्पणी की आलोचना की है। महुआ ने कहा कि अब मुझे पता चला कि बाबा रामलीला मैदान से महिलाओं के कपड़ों में क्यों भागे थे। उनका कहना है कि उन्हें साड़ी, सलवार और.... पसंद है। उनके दिमाग में स्ट्रैबिस्मस हो गया है, जो उनके विचारों को एकतरफा बना देता है। इससे पहले दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने भी इस बयान की निंदा की है। उन्होंने वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर साझा करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री की पत्नी के सामने स्वामी रामदेव द्वारा की गई टिप्पणी अमर्यादित और निंदनीय है। इस बयान से सभी महिलाएं आहत हुई हैं, बाबा रामदेव को इस बयान पर देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. रूस के सबसे प्रमुख राष्ट्रवादी राजनेताओं में से एक ने कहा कि रूसी सेना के पास अन्य समस्याओं के अलावा पर्याप्त संख्या में डॉक्टर नहीं हैं। यह संदेश उन्होंने यूक्रेन में लड़ाई के लिए जुटे सैनिकों की माताओं के साथ एक बैठक में दिया। लोकलुभावन लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता और संसद के निचले सदन में विदेशी संबंध समिति के अध्यक्ष लियोनिद स्लटस्की की टिप्पणी, सेना के भीतर समस्याओं का असामान्य रूप से सार्वजनिक प्रवेश था, क्योंकि रूसी सेना को युद्ध के मैदानों की एक श्रृंखला का सामना करना पड़ता है। स्लट्स्की ने सेंट पीटर्सबर्ग में एक बैठक में कहा कि सैन्य इकाइयों में पर्याप्त डॉक्टर नहीं हैं, हर कोई यह कहता है। मैं यह नहीं कह सकता कि वे मौजूद नहीं हैं, लेकिन वे व्यावहारिक रूप से वहां नहीं देखे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैनिकों के पास बंदूक भी नहीं है, कुछ भी नहीं है। हमें उन्हें क्राउडफंडिंग द्वारा खरीदना होगा।
2. सोमालिया की सेना ने सेंट्रल शबेले क्षेत्र में एयर स्ट्राइक करके आतंकी संगठन अल-शबाब के 100 आतंकियों को मार गिराया। इनमें 12 कमांडर थे। अल-शबाब का मकसद 2017 में बनी सोमालिया सरकार को जड़ से उखाड़ना है। ये संगठन पिछले 4 महीने में 3 बड़े हमलों को अंजाम दे चुका है। सोमालिया के डिप्टी इंफॉरेमेशन मिनिस्टर अब्दिरहमान यूसुफ अल-अदाला ने कहा कि हमारी आर्मी और इंटेलिजेंस डिपार्टमेंट लोगों की सुरक्षा के लिए हर कदम उठा रही है। शबेले क्षेत्र में एक मिलिट्री ऑपरेशन चलाया गया। इसमें अल-शबाब के 12 कमांडर समेंत 100 आतंकी मारे गए हैं। मिनिस्टर अल-अदाला ने कहा कि हमें खबर मिली थी कि ये आतंकी सरकारी अधिकारियों और सेना पर बड़ा हमला करने वाले हैं। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई थी। इस हमले को रोकने के लिए हमने एयर स्ट्राइक की। शबेले के पास महास जिले के कमिशनर मुमिन मोहम्मद हलाने ने कहा- मैंने 16 आतंकियों के शव देखे। इनके पास से सेना को कई हथियार बरामद हुए हैं।
News Update :
3. पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि तीन नवंबर को वजीराबाद में एक विरोध मार्च के दौरान उनपर कातिलाना हमला करने में तीन शूटर शामिल थे। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी अध्यक्ष को इस हमले में दाहिने पैर में गोली लगी थी। वह मध्यावधि चुनाव के लिए दबाव बनाने के वास्ते सरकार के खिलाफ मार्च का नेतृत्व कर रहे थे। रावलपिंडी में अपनी पार्टी की एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए खान ने कहा कि दो हमलावरों में से एक ने उन पर और पीटीआई के अन्य नेताओं पर गोली चलाई थी और दूसरे शूटर ने कंटेनर पर गोलीबारी की थी, जबकि तीसरा व्यक्ति कथित हत्यारे को चुप कराने के लिए वहां था ताकि कोई ब्योरा नहीं दिया जा सके। ‘डॉन’ अखबार की खबर के मुताबिक, 70 वर्षीय खान ने दावा किया कि इस तीसरे शूटर ने रैली में एक व्यक्ति की हत्या की थी जब वह संभावित हत्यारे को मारने की कोशिश कर रहा था। हमले के एक दिन बाद लाहौर के शौकत खानम अस्पताल से राष्ट्र को संबोधित करते हुए खान ने कहा था कि दो निशानेबाजों ने उनके दाहिने पैर में चार गोलियां मारी थीं। उन्होंने कहा कि वह एक कंटेनर पर थे जब उन पर श्गोलियों की बौछारश् का निर्देश दिया गया था। उन्होंने आगे कहा कि फिर एक दूसरा धमाका हुआ और उसमें दो लोग थे। उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, आंतरिक मंत्री राणा सनाउल्लाह और मेजर जनरल फैसल नसीर पर उनकी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया।
सेहत :
1. पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत के कई राज्यों में पारा तेजी से गिर रहा है। बर्फबारी की वजह से उत्तर में ठंड बढ़ गई है। साथ ही शीतलहर ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसी बीच, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में बारिश का अनुमान जताया है। बारिश से ठंड में और इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग ने दक्षिणी राज्यों में बारिश का अनुमान जताया है। विभाग के मुताबिक, अंडमान के आस-पास एक सर्कल बना हुआ है। इसी वजह से अगले कुछ दिनों तक दक्षिणी राज्यों में बारिश होगी। बारिश की वजह से ठंड भी बढ़ेगी। देश की राजधानी दिल्ली में भी पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर देखा जा रहा है। बर्फीली हवाओं ने भी पारा गिरा दिया है। अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। दिल्ली में शुक्रवार सीजन का सबसे ठंडा दिन था। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये सामान्य से 4 डिग्री कम था।
खेल/खिलाड़ी :
1. भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच हैमिल्टन के सेडोन पार्क में खेला जा रहा है। इस मैच में एक बार फिर से न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टास जीता और पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। टीम इंडिया पहली पारी में बल्लेबाजी कर रही है और खबर लिखे जाने तक भारत ने 4.5 ओवर में 22 रन बना लिए हैं। इस वक्त शिखर धवन (2 रन) और शुभमन गिल (19 रन) बल्लेबाजी कर रहे हैं। बारिश की वजह से इस वक्त मैच को रोक दिया गया है। इस मैच के लिए भारतीय टीम में दो बदलाव किए गए। तेज गेंदबाजी आलराउंडर शार्दुल ठाकुर की जगह दीपक चाहर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया, जबकि संजू सैमसन की जगह अंतिम 11 में दीपक हुड्डा को मौका दिया गया। वहीं, भारत के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के लिए न्यूजीलैंड की टीम में एक बदलाव किया गया और प्लेइंग इलेवन में एडम मिल्ने की जगह माइकल ब्रेसवेल को शामिल किया गया।