News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news on which we will keep an eye
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2022 03:46 PM
राष्ट्रीय :
1. यूपी में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सर्दी शुरू होते ही हादसे सामने आ रहे हैं। बहराइच में बुधवार सुबह दर्दनाक रोड एक्सीडेंट हो गया। इस हादसे में छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 15 की हालत गंभीर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कैसरगंज इलाके में रोडवेज बस और ट्रक की टक्कर होने से भीषण हादसा हो गया। हादसे की सूचना पर कैसरगंज एसडीएम, एएसपी सिटी और सीओ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों संग मौके पर पहुंचे। बस लखनऊ से बहराइच ईदगाह डिपो के लिए जा रही थी। डीएम व एसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। यह हादसा जरवलरोड थाना क्षेत्र के घाघरा घाट के पास हुआ।
Job Update- पीजीटी शिक्षक के 4746 पदों पर शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया, जल्द से जल्द करें अप्लाई
News Update :
2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में तृणमूल कांग्रेस की महिला विधायक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। सावित्री मित्रा मालदा जिले के मानिकचक की विधायक है और पूर्व में बंगाल की मंत्री रह चुकी हैं।
3. श्रद्धा मर्डर केस के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला के पॉलीग्राफ टेस्ट की फाइनल रिपोर्ट बुधवार को आनी है। पूछताछ के दौरान आफताब ने कबूल किया है कि उसी ने श्रद्धा की हत्या की। टेस्ट करने वाली टीम के हवाले से कहा गया है कि आफताब को श्रद्धा की हत्या का कोई अफसोस नहीं है। 28 साल के आफताब ने 18 मई को 27 साल की श्रद्धा का मर्डर कर दिया था। उसने श्रद्धा के शव के 35 टुकड़े किए थे। दोनों लिव-इन में रहते थे। रोहिणी में सोमवार शाम हुए हमले में आफताब को बचाने वाले पुलिसकर्मियों को इनाम मिला है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने तारीफ करते हुए 10-10 हजार रुपये दिए हैं। आफताब पर हमले के दौरान किसी भी तरह का नुकसान नहीं होने पर खुशी जाहिर की है। आफताब को ले जा रही पुलिस वैन पर सोमवार को रोहिणी स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के बाहर 4-5 लोगों ने हमले की कोशिश की थी। इनके हाथों में तलवारें थीं। पुलिस ने इन हमलावरों से आफताब को बचाया था। मामले में 2 लोगों को अरेस्ट भी किया था। 4 की तलाश जारी है।
4. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अपने नागरिकों और साझेदारों को मानवीय सहायता तथा आपदा राहत प्रदान करने की अपनी क्षमता के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक क्षेत्रीय शक्ति और सुरक्षा प्रदाता के रूप में उभरा है। सिंह ने 28-30 नवंबर के दौरान यहां वायु सेना स्टेशन पर आयोजित किये जा रहे बहु-एजेंसी मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास ‘समन्वय 2022’ में भाग लिया। रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा परिकल्पित ‘सागर’ (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और प्रगति) के तहत, भारत प्राकृतिक आपदाओं जैसे खतरों से निपटते हुए क्षेत्र में आर्थिक विकास और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई भागीदारों के साथ सहयोग कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘हमने क्षेत्रीय तंत्र के माध्यम से बहुपक्षीय साझेदारी को मजबूत किया है।’ सिंह ने कहा कि एशिया, विशेष रूप से हिंद-प्रशांत क्षेत्र, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘समन्वय 2022’ में मित्र राष्ट्रों की भागीदारी से आपदा प्रबंधन क्षमताओं में और वृद्धि होगी।
News Update :
5. दिल्ली के दरियागंज में एक बुजुर्ग को जानबूझकर अपने पालतू कुत्ते से कटवाने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, मामूली कहासुनी के बीच पड़ोसी ने बुजुर्ग को अपने पालतू कुत्ते से कटवाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। 65 वर्षीय अनिल कुमार परिवार के साथ अंसारी रोड में रहते हैं। वह सरकारी नौकरी से रिटायर्ड है। सोमवार दोपहर को वह घर की छत पर बैठे हुए थे। इस बीच पड़ोसी सुमित वहां आया और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बुजुर्ग का आरोप है कि जब वह चारपाई पर खड़े थे, तो सुमित ने उन्हें थप्पड़ मारा, विरोध करने पर अपने पालतू कुत्ते से कटवा दिया। कुत्ते ने उन्हें पैर पर काटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान चिल्लाने की आवाज सुनकर अनिल की पत्नी छत पर आई और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर सुमित को हिरासत में लिया और घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों पड़ोसियों में मामूली कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ था। पुलिस फिलहाल दोनों के आरोपों की जांच कर रही है। दरियागंज थाना पुलिस ने बताया कि कुत्ते के मालिक पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजनीति :
1. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की तुलना रावण के किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा, खडगे व पूरी कांग्रेस पर हमलावर है। इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद रेणुका चौधरी ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार उनकी तुलना शूर्पणखा से की थी, तब मीडिया कहां थी? रेणुका चौधरी के इस ट्वीट के बाद 2018 में पीएम के बयान की कई वीडियो क्लिप वायरल होने लगी हैं। दरअसल, गुजरात में एक जनसभा को संबोधित करते वक्त खडगे ने पीएम मोदी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री अपना चेहरा दिखाकर लोगों से मतदान करने के लिए कह रहे हैं, चाहे वह नगर पालिका चुनाव हो या विधानसभा या संसद। क्या आप (नरेंद्र मोदी) रावण की तरह 100 सिर वाले हैं।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. चीन लगातार अपनी सैन्य शक्ति बढ़ा रहा है। भारत समेत दुनियाभर के लिए चिंता का विषय यह है कि चीन लगातार अपने परमाणु हथियारों की क्षमता में इजाफा करने में जुटा हुआ है, जो खतरे की घंटी है। पेंटागन ने बताया कि चीन के पास 2035 तक लगभग 1,500 वॉरहेड्स यानि मिसाइल, राकेट या टारपीडो से किसी जगह पर गिराये जाने वाले विस्फोटक का भंडार होने की संभावना है। चीन के पास मौजूद समय में 400 के आसपाल वॉरहेड्स हैं। चीन के महत्वाकांक्षी सैन्य निर्माण पर कांग्रेस को अपनी वार्षिक रिपोर्ट में पेंटागन ने कहा कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग के नेतृत्व में मौजूदा हथियारों की क्षमता को बढ़ाने में तेजी से काम हो रहा है। अगले दशक में बीजिंग का लक्ष्य अपने परमाणु बलों का आधुनिकीकरण, विविधता और विस्तार करना है। चीन का मौजूदा परमाणु आधुनिकीकरण अभ्यास पैमाने और जटिलता दोनों में पिछले आधुनिकीकरण के प्रयासों से अधिक है।
2. अमेरिकी सीनेट ने सेम सेक्स मैरिज बिल पास कर दिया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अब इसे हाउस ऑफ रिप्रेजेन्टेटिव के पास फाइनल अप्रूवल के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद प्रेसिडेंट बाइडेन बिल पर साइन करेंगे और इसे कानून बना दिया जाएगा। ये सारी प्रोसेस जनवरी के पहले पूरी हो जाएगी। इस बिल के कानून बनते ही समलैंगिक विवाह को मान्यता दी जाएगी। दूसरे शब्दों में कहें तो सेम सेक्स मैरिज करना गलत नहीं होगा। 2015 में सुप्रीम कोर्ट ने इसे देशभर में बैन कर दिया था। सीनेट में इस बिल के पास होने पर खुशी जाहिर करते हुए राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा- ‘लव इज लव’ और अमेरिका में रहने वाले हर नागरिक को उस व्यक्ति से शादी करने का हक है, जिससे वो प्यार करते हैं।
मौसम :
1. उत्तर भारत में दिसंबर की शुरुआत से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। ज्यादातर राज्यों में पारा लुढ़कने का अनुमान जताया गया है। दिल्ली, यूपी, बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में ठंड के बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में पहाड़ों में बर्फबारी भी हो सकती है। इसी बीच, विभाग ने दक्षिणी राज्यों में मध्यम और भारी बारिश का अनुमान जताया है। आपको बताते हैं कि देश के विभिन्न राज्यों में मौसम कैसा रहने वाला है। देश की राजधानी में भी ठंड बढ़ने लगी है। अगले कुछ दिनों में तापमान और गिर सकता है। वहीं, दिल्ली में कुछ जगहों पर बुधवार सुबह धुंध छाई रही। साथ ही हवा में प्रदूषण का स्तर और बिगड़ सकता है।
1. टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के उपाध्यक्ष विक्रम एस किर्लोस्कर का निधन हो गया है। वह 64 वर्ष के थे। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया। आज (बुधवार) को बेंगलुरू के हेब्बल श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार दोपहर एक बजे किया जाएगा। विक्रम किर्लोस्कर के परिवार में उनकी पत्नी गीतांजलि और बेटी मानसी किर्लोस्कर हैं। कंपनी की ओर से जारी की गई आधिकारिक सूचना में कहा गया है कि वाइस चेयरमैन विक्रम एस किर्लोस्कर का असामयिक निधन हो गया। यह सूचना देते हुए हमें बेहद दुख हो रहा है। दुख की इस घड़ी में हम सभी से प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें। बायोकॉन की एक्सक्युटिव चेयरपर्सन किरण मजूमदार ने कहा कि विक्रम के चौंकाने वाले निधन से वह टूट गई हैं। वह एक ऐसे प्यारे और सच्चे मित्र थे, जिन्हें मैं बहुत याद करूंगी। मैं उनकी पत्नी गीतांजलि व बेटी मानसी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं।
खेल/खिलाड़ी :
1. तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी व निर्णायक मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। बारिश की वजह से मैच में टास 20 मिनट की देरी से किया गया। इस मैच में भी टास न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहली पारी में टीम इंडिया के बल्लेबाजी जारी है और इस टीम ने खबर लिखे जाने तक 30 ओवर में 5 विकेट खोकर 135 रन बना लिए हैं। क्रीज पर इस वक्त दीपक हुड्डा और वाशिंगटन सुंदर मौजूद हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले दो वनडे मैचों में अच्छी बल्लेबाजी करने वाले शुभमन गिल तीसरे मैच में चूक गए और सिर्फ 13 रन से स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे। गिल को एडम मिलने ने अपना शिकार बनाया और सैंटनर के हाथों कैच करवा दिया। भारत के स्टैंड-इन कप्तान शिखर धवन 28 रन बनाकर एडम मिलने की गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हुए। पंत एकबार फिर असफल रहे और केवल 10 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें डेरिल मिचेल ने फिलिप्स के हाथों कैच कराया।
2. भारतीय क्रिकेट टीम के विकेट कीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के लिए भारतीय प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया। संजू सैमसन को अंतिम ग्यारह में जगह नहीं दिए जाने के बाद कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने ट्वीट करते हुए भारतीय टीम की रणनीति साथ ही चयन पर भी सवाल उठा दिए। शशि थरूर ने अपने ट्वीट में भारतीय टीम के स्टैंड-इन कोच वीवीएस लक्ष्मण के बयान को कोट करते हुए लिखा कि रिषभ पंत ने नंबर चार पर अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में टीम उन्हें पूरी तरह से सपोर्ट करेगी। थरूर ने आगे लिखा कि रिषभ पंत अच्छे प्लेयर हैं, लेकिन वो अपनी पिछली 11 पारियों में से 10 में रन बनाने में सफल नहीं रहे हैं। वहीं संजू सैमसन का वनडे में 66 का औसत है। पिछली पांच पारियों में उन्होंने लगातार रन बनाए हैं, लेकिन वो बेंच पर बैठकर इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में इन बातों पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है।