News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news on which we will keep an eye
भारत
चेतना मंच
23 Nov 2025 06:26 AM
राष्ट्रीय :
1. गुजरात विधानसभा के लिए दो चरणों के पहले चरण का मतदान हो रहा है। पहले चरण में 89 निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव हो रहे हैं। पिछले 27 सालों से गुजरात में भाजपा की अगुवाई वाली सरकार है। गुजरात में भाजपा की नजरें रिकार्ड सातवें कार्यकाल पर टिकी हुई हैं। वहीं, अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी की एंट्री ने गुजरात चुनाव त्रिकोणीय मुकाबला बना दिया है। गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, पहले चरण में दक्षिण गुजरात और कच्छ-सौराष्ट्र क्षेत्र के 19 जिलों में 788 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन उम्मीदवारों में 70 महिलाएं और 339 निर्दलीय हैं। 89 सीटों में से 14 अनुसूचित जनजाति और सात दलितों के लिए आरक्षित हैं। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हो गया। यह शाम साढ़े पांच बजे तक चलेगा। पहले चरण के तहत विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,39,76,670 मतदाता रजिस्टर्ड हैं। इसमें 1,24,33,362 पुरुष, 1,15,42,811 महिला और 497 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
News Update :
2. आम लोगों के लिए राष्ट्रपति भवन एक बार फिर से खुल गया है। एक दिसंबर से हफ्ते में पांच दिन लोग राष्ट्रपति भवन घूमने के लिए जा सकते हैं। इसके लिए एक दिन को पांच स्लॉट के समय में बांटा गया है, जिसके लिए लोगों को पहले से ऑनलाइन बुकिंग कराना होगा। सरकारी छुट्टियों को छोड़कर हर हफ्ते बुधवार से रविवार तक के लिए राष्ट्रपति भवन खुली रहेगी। प्रत्येक शनिवार को सुबह 09 से 10 बजे के बीच राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ चेंज समारोह आयोजित किया जाएगा। आम लोगों के लिए राष्ट्रपति भवन को तीन हिस्सों में बांटा गया है, सर्किट वन, सर्किट टू और सर्किट थ्री। सर्किट वन में मुख्य भवन, प्रांगण, स्वागत कक्ष, नवचारा, बैंक्वेट हॉल, ऊपरी लोगगिया, लुटियन ग्रैंड सीढ़ियाँ, अतिथि विंग, अशोक हॉल, उत्तर ड्राइंग रूम, लंबा ड्राइंग रूम, पुस्तकालय, दरबार हॉल, भगवान बुद्ध की मूर्ति शामिल है। सर्किट टू में राष्ट्रपति भवन संग्रहालय परिसर और सर्किट थ्री में गार्ड ऑफ चेंज समारोह को रखा गया है। राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक पोर्टल के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को छोड़कर हफ्ते में पांच दिन एंट्री की अनुमति है। इसके लिए दिन में पांच स्लॉट उपलब्ध होंगे, जिसमें सुबह के 10 से 11 बजे और 11 से 12 बजे, दोपहर 12 से 1 बजे, 2 से 3 बजे और 3 से 4 के बीच अपने हिसाब से स्लॉट बुक कर सकते हैं। एक-एक घंटे के पांच टाइम स्लॉट के लिए ऑनलाइन बुकिंग होगी।
3. दिल्ली के महरौली में लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला का नार्को टेस्ट आज गुरुवार को रोहिणी स्थित अंबेडकर अस्पताल में सुबह 10 बजे से किया जाएगा। पुलिस नार्को टेस्ट के लिए आफताब को लेकर तिहाड़ जेल से निकल चुकी है। इससे पहले मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने बताया था कि पॉलीग्राफ टेस्ट में आफताब ने अपना जुर्म कबूल किया है। उसने श्रद्धा की हत्या और शव के टुकड़े फेंकने की बात कबूली है। आफताब ने बताया था कि रिश्ते में शक के चलते श्रद्धा उससे दूर जाना चाहती थी, जिसके कारण उसने उसकी हत्या कर दी। सोमवार को रोहिणी के एफएसएल से पॉलीग्राफ टेस्ट के बाद आफताब को लेकर जा रही पुलिस वैन पर कुछ हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया था। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद आफताब की सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस और अधिक सतर्क हो गई है। श्रद्धा की हत्या के सिर्फ 12 दिन बाद आफताब एक डेटिंग ऐप से नई युवती के संपर्क में आया था, जो बाद में उसकी गर्लफ्रेंड बन गई। बुधवार को दिल्ली पुलिस ने पेशे से डॉक्टर युवती का बयान दर्ज किया। अक्टूबर में आफताब ने नई गर्लफ्रेंड को दो बार अपने फ्लैट पर बुलाया था। इस दौरान श्रद्धा के शव के कुछ टुकड़े घर में ही मौजूद थे। युवती ने दिल्ली पुलिस को बताया कि आफताब का व्यवहार बिल्कुल सामान्य था, जिसके कारण उसे कभी भी शक नहीं हुआ।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव काराइन जीन पियरे ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन जी-20 में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन अर्थव्यवस्था के निर्माण के हमारे प्रयासों को जारी रखते हुए वर्तमान खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा चुनौतियों सहित भारत की जी-20 अध्यक्षता का समर्थन करने के लिए तत्पर हैं। भारत गुरुवार से औपचारिक रूप से एक वर्ष के लिए दुनिया के आर्थिक रूप से संपन्न देशों के समूह जी-20 की अध्यक्षता संभाल लेगा। इस दौरान भारत के पास अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर वैश्विक एजेंडे में योगदान करने का अनूठा अवसर होगा। मालूम हो कि अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग के लिए जी-20 एक प्रमुख मंच है। जी-20 की अध्यक्षता के दौरान भारत देश के 55 स्थानों पर लगभग 200 बैठकों का आयोजन करेगा। जी-20 की शिखर बैठक का आयोजन अगले साल होगा, जो भारत की मेजबानी में सर्वोच्च स्तर की बैठकों में से एक होगी। मालूम हो कि जी-20 की पहली बैठक दिसंबर के पहले हफ्ते में उदयपुर में होगी। इससे पहले पीएम मोदी ने नवंबर माह की शुरुआत में भारत की अध्यक्षता में जी-20 का लोगो, थीम और वेबसाइट लांच की थी। इसके लोगो में कमल का फूल भारत की प्राचीन विरासत, आस्था और विचारधारा का प्रतीक है।
2. पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने ट्वीट कर कहा कि उनकी कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट पाजिटिव आई है और उन्हें कोरोना संक्रमण के हल्के लक्षण हैं। उन्होंने कहा कि मैंने खुद को घर पर क्वारंटाइन कर लिया है और सभी नियमों का पालन कर रहा हूं। इस दौरान उन्होंने लोगों को कोविड वैक्सीनेशन के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि मैं टीका लगवाने और कोरोना वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने के लिए सभी का आभारी हूं, जिसने कोरोना के लक्षणों को हल्का रखा है। कुछ हफ्ते पहले, यूएस सेंटर फार डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) के निदेशक रोशेल वालेंस्की और यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कमिश्नर राबर्ट कैलीफ ने भी कोविड लक्षणों के साथ सकारात्मक परीक्षण किया था।
News Update :
3. अमेरिका ने अफगानिस्तान के समांगन में हुए विस्फोट की निंदा की है। उसने कहा है कि अफगानी बच्चों को बिना किसी डर के स्कूल जाने का अधिकार है। अफगानिस्तान के समांगन में हुए हमले में 16 लोगों की मौत हो गई है और करीब 24 लोग घायल हो गए हैं। अफगानिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि ने कहा कि समांगन से दुखद खबर सामने आई है। एक धार्मिक स्कूल पर हुए हमले में कई लोग मारे गए हैं और कई लोग घायल भी हुए हैं। इस हमले में बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘अमेरिका इस मूर्खतापूर्ण हमले की निंदा करता है। सभी अफगान बच्चों को बिना किसी डर के स्कूल जाने का अधिकार है।’ मालूम हो कि अफगानिस्तान के समांगन के ऐबक शहर में बुधवार को जहदिया मदरसा में दोपहर की नमाज के दौरान विस्फोट हो गया, जिसमें करीब 16 लोगों की मौत हो गई है और 24 लोग घायल हो गए। टोलो न्यूज ने यह जानकारी दी है। टोलो न्यूज ने समंगन प्रांतीय अस्पताल के एक डॉक्टर के हवाले से बताया कि इस धमाके में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायलों को इस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौसम :
1. उत्तर भारत में दिसंबर की शुरुआत से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। ज्यादातर राज्यों में पारा लुढ़कने का अनुमान जताया गया है। दिल्ली, यूपी, बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में पहाड़ों में बर्फबारी भी हो सकती है। इसी बीच, विभाग ने दक्षिणी राज्यों में मध्यम और भारी बारिश का अनुमान जताया है। आपको बताते हैं कि देश के विभिन्न राज्यों में मौसम कैसा रहने वाला है। देश की राजधानी में भी ठंड बढ़ने लगी है। अगले कुछ दिनों में तापमान और गिर सकता है। वहीं, दिल्ली में कुछ जगहों पर गुरुवार सुबह धुंध छाई रही। साथ ही हवा में प्रदूषण का स्तर और बिगड़ सकता है। वहीं, सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (सफर) के अनुसार दिल्ली में एक्यूआई 335 (बहुत खराब) श्रेणी में है।
2. दिल्ली में हवा की गुणवत्ता अब भी सांस लेने लायक नहीं है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बना हुआ है। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च के अनुसार, दिल्ली में आज गुरुवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 335 (बहुत खराब) श्रेणी में दर्ज किया गया है। इससे पहले बुधवार को भी दिल्ली की हवा ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बरकरार रही। दिल्ली के आठ इलाकों की हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में रही। सफर का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के दौरान प्रदूषण का स्तर इसी के आसपास बना रहेगा। दिल्ली के लोगों को लगातार प्रदूषण की मार झेलनी पड़ रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के मुताबिक बुधवार को दिल्ली का एक्यूआई 365 रहा। इस स्तर की हवा को बेहद खराब श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले यह 369 था। चौबीस घंटे के भीतर इसमें चार अंकों की कमी आई है। दिल्ली के आठ इलाकों का एक्यूआई 400 के पार यानी गंभीर श्रेणी में रहा। दिल्ली की हवा में इस समय सामान्य से तीन गुने से भी अधिक प्रदूषण मौजूद है। सीपीसीबी के मुताबिक शाम पांच बजे पीएम 10 का स्तर 319 और पीएम 2.5 का स्तर 179 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।
कारोबार :
1. आज एक दिसंबर 2022 से भुगतान करने के तौर-तरीकों में एक नई चीज जुड़ रही है। अब जेब में कैश लेकर चलने की जरूरत रहेगी और न ही किसी थर्ड पार्टी ऐप द्वारा ऑनलाइन पेमेंट की कोई मजबूरी होगी। आज भारत का रिटेल डिजिटल रुपया लॉन्च होने वाला है। भारतीय रिजर्व बैंक इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लॉन्च करने की घोषणा कर चुका है। बता दें कि खुदरा डिजिटल रुपये से ग्राहक आपस में लेनदेन के साथ किसी भी दुकान से खरीदारी कर सकेंगे। शुरुआत में इसे चार शहरों और चार बैंकों में लॉन्च किया जाएगा। वहीं, बाद में इसे नौ और शहरों में लाया जाएगा।
2. इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी है। क्रूड ऑयल की कीमतें बुधवार को 81 डॉलर से नीचे आ गईं, जो कि जनवरी से निचले स्तर पर हैं। अमेरिकी क्रूड भी 74 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचा। इससे तेल कंपनियों को प्रति बैरल 245 रुपये की बचत हो रही है। अब माना जा रहा है कि क्रूड के दाम में गिरावट की वजह से देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 14 रुपये तक की कमी आ सकती है। बीते 8 महीने के भीतर कच्चे तेल की कीमतें 27 फीसदी कम हुई हैं। पेट्रोलियम एक्सपर्ट के मुताबिक, ब्रेंट तेजी से 70 डॉलर की तरफ बढ़ रहा है। इससे पेट्रोल-डीजल के दाम जरूर कम होंगे, लेकिन थोड़ा वक्त लगेगा। तेल आयात से लेकर रिफाइनिंग तक का साइकिल 30 दिन का होता है। इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम घटने के एक महीने बाद असर दिखता है।
News Update :
3. पिछले कई महीनों से एलपीजी कमर्शियल सिलेंडर के दाम में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा था। अगर बीते तीन-चार महीनों की बात करें तो एलपीजी कमर्शियल सिलेंडर के दाम में सरकार लगातार कमी कर रही थी। लेकिन, उम्मीद के उलट इस बार तेल कंपनियों ने गैस सिलेंडर के दाम नहीं बदले हैं। कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत आज 1 दिसंबर, 2022 को पहले जैसी ही है। कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत अब दिल्ली में 1744 रुपये है। पिछले महीने कटौती के बाद 19 किलो के वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत अब दिल्ली में 1744 रुपये हो गई है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों से पता चलता है कि रसोई गैस के दाम में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1053.00 रुपये है। दिल्ली सहित देश के चार महानगरों में गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के कीमत पिछले महीने की तरह स्थिर हैं। कोलकाता में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 1079 रुपये, मुंबई में 1052.50 रुपये और चेन्नई में 1068.50 रुपये है। आईओसी के आंकड़ों से पता चलता है कि दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1053.00 रुपये है।
खेल/खिलाड़ी :
1. 17 साल बाद पाकिस्तान की धरती पर टेस्ट खेलने पहुंची इंग्लैंड टीम के फैन को उस वक्त निराशा हाथ लगी, जब 14 खिलाड़ियों के बीमार होने की खबर ने टेस्ट मैच पर संकट खड़ा कर दिया। लेकिन अब जो खबरें सामने आ रही है, वह उन फैंस को सुकून देगी, जो इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच इस टेस्ट मैच को लेकर उत्साहित हैं। इस टेस्ट को लेकर अपडेट यह है कि यह अपने तय समय पर शुरू हो जाएगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने ट्वीटर हैंडल पर इस बात की जानकारी साझा की है कि यह टेस्ट मैच अपने तय समय पर होगा। ट्वीट में लिखा है कि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने यह सूचित किया है कि वह इस स्थिति में हैं कि 11 खिलाड़ियों को पूरा कर सके और पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मैच शेड्यूल के अनुसार रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में ही होगा। इससे पहले अचानक 14 खिलाड़ियों के बीमार होने की खबर के बाद दोनों बोर्डों ने इस पर बात कर फैसला लेने की बात की थी। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आपस में बात की जिसके बाद यह तय किया गया कि टेस्ट अपने शेड्यूल वक्त पर ही होगा।
2. टी20 विश्व कप में टीम की असफलता के बाद बीसीसीआई ने पहला बड़ा एक्शन मौजूदा सेलेक्शन कमेटी को बर्खास्त करके लिया था। बीसीसीआई ने तत्काल इसके लिए आवेदन भी मांगे थे, जिसकी आखिरी तारीख 28 नवंबर थी। लेकिन, अब जो खबरें सामने आ रही है, उसने सेलेक्टर की रेस को और दिलचस्प बना दिया है। दरअसल, इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से कहा गया है कि सेलेक्शन कमेटी का हिस्सा रहे पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज चेतन शर्मा और हरविंदर सिंह ने इस पद के लिए फिर से आवेदन किया है। हालांकि इसकी उम्मीद न के बराबर ही है कि उन्हें फिर से कोई मौका मिले। इस पद के लिए पूर्व खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर आवेदन किया है और कहा ये जा रहा है कि अब तक 60 से भी ज्यादा आवेदन किए जा चुके हैं, जिसमें चेतन शर्मा और हरविंदर सिंह जैसे नाम भी शामिल हैं। हालांकि, कमेटी का हिस्सा रहे दो अन्य सदस्य सुनील जोशी और देवाशीष मोहंती ने फिर से आवेदन नहीं किया है। बीसीसीआई के पांच सदस्यीय चयन समिति का सदस्य बनने की इच्छा रखने वाले कुछ पूर्व क्रिकेटरों को छोड़कर किसी भी बड़े नाम से आवेदन नहीं मिला है। हालांकि, कल इस बात को लेकर भी चर्चा थी कि पूर्व बल्लेबाज हेमांग बदानी ने भी इस पद के लिए आवेदन दिया है, लेकिन उन्होंने फौरन ट्वीट कर इसका खंडन किया।