News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news on which we will keep an eye
भारत
चेतना मंच
23 Nov 2025 07:00 PM
राष्ट्रीय :
1. दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए आज यानी रविवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो चुका है। वोटिंग के लिए दिल्ली में कुल 13,665 बूथ केंद्र बनाए गए हैं, जहां मतदान हो रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान बूथ तक ले जाने के लिए ट्राइ साइकिलों का इंतजाम किया गया है। आयोग से वोटरों को मिली है मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निगम चुनाव में वोटरों को मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति दी है। इस बाबत आयोग ने शनिवार को आदेश जारी कर सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को कहा है कि चुनाव में लगे सुरक्षाकर्मियों आदि को इस बारे में अवगत करा दें। ताकि वोटरों को कोई असुविधा न हो।
2. लखनऊ के भदवाना गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। जब दूल्हे को वरमाला पहनाने जा रही दुल्हन की अचानक मौत हो गई। शादी की खुशियां मातम में बदल गई। आनन फानन दुल्हन को अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भदवाना गांव में रहने वाले राजपाल ने शुक्रवार रात पहले बेटी शिवांगी की बारात का स्वागत किया। द्वारचार पूजन के दौरान दूल्हे विवेक की आरती उतारी। महिलाएं मंगलगीत, सोहर गा रहीं थीं। वहीं, दूल्हे के दोस्त और रिश्तेदार बैंडबाजे की धुनों पर डांस कर रहे थे। चौतरफा खुशी का माहौल था। घंटेभर में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। दूल्हे को जयमाल के लिए स्टेज पर ले जाया गया। राजपाल की बेटी को भी घर की महिलाएं जयमाल लिए हुए स्टेज पर लेकर पहुंची। राजपाल बेटी की नजर उतार रहे थें। स्टेज पर पहुंचते ही शिवांगी एकाएक गश खाकर गिर पड़ी। घरवालों ने शिवांगी को उठाया और पानी की छीटें डालकर होश में लाने का प्रयास किया। चारो तरफ अफरा-तफरी मच गई। लोगों के चेहरे की हवाइयां उड़ने लगीं। लोग आनन फानन शिवांगी को लेकर अस्पताल भागे। अस्पताल पहुंचे तो डाक्टरों ने परीक्षण के बाद शिवांगी को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही चारो तरफ चीख-पुकार मच गई। पलभर में खुशियां मातम में बदल गईं। बेटी की मौत से गमजदा राजपाल ने बताया कि शिवांगी उनकी लाडली थी। डोली उठने से पहले अब उसकी अर्थी उठेगी, यह वह कैसे बर्दाश्त कर पाएंगे। परिवार में शिवांगी की मां कमलेश कुमारी, छोटी बहन सोनम, कोमल और भाई अमित हैं। ग्रामीणों के मुताबिक शिवांगी की तबियत दो हफ्ते से खराब थी। उसे बुखार आ रहा था। दवाई भी चल रही थी। बीपी की भी कुछ दिक्कत थी। अनुमान है कि इसी कारण उसकी एकाएक हालत बिगड़ गई।
3. एक दिसंबर, 2022 को भारत ने आधिकारिक तौर पर जी-20 देशों की अध्यक्षता की शुरुआत कर दी है। इसका आरंभ गुरुवार को जी-20 यूनिवर्सिटी कनेक्ट कार्यक्रम से हुआ है और समापन 9-10 सितंबर, 2023 को नई दिल्ली में आर्थिक दृष्टिकोण से दुनिया के शीर्ष 20 देशों के प्रमुखों की बैठक के साथ होगा। इस मौके पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने ट्वीट किया, उन्होंने कहा- ‘भारत ने जी20 की अध्यक्षता संभाल ली है। मुझे विश्वास है कि मेरे मित्र नरेंद्र मोदी हमें शांति और अधिक टिकाऊ दुनिया बनाने के लिए साथ लाएंगे।’
3. गाजियाबाद में घर के बाहर से अगवा पांच साल की बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट उसके साथ हुई हैवानियत की कहानी बयां कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से रोंगटे खड़े कर देने वाला सच उजागर हुआ है। बच्ची के गुप्तांग पर चोट के गहरे और शरीर पर नोंचने के निशान मिले हैं। मौत का कारण गला घोंटना आया है। अगवा करने के कुछ घंटे बाद ही दुष्कर्म करके उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस इस मामले में मुख्य रूप से चार पहलुओं पर जांच कर रही है। करीबी और नशेड़ी पर सुई अधिक घूम रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है। उसके मुताबिक, बच्ची के गुप्तांग में चोट के गहरे निशान मिले हैं। इससे दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के करीब 18 घंटे पहले यानी बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे बच्ची की मौत हुई थी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के समय में दो-चार घंटे आगे-पीछे हो जाता है। इस कारण पुलिस इस दिशा में भी काम कर रही है कि बच्ची को अगवा करने के दौरान ही जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। उसी समय उसकी हत्या करके शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया।
News Update :
5. भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर राहुल गांधी के साथ चलने की एक कांग्रेस नेता की इच्छा सिर्फ इच्छा ही रह गई। दरअसल, यात्रा में शामिल होने के लिए सुसनेर आए जीरापुर के पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष मांगीलाल शाह का शनिवार को निधन हो गया। वे तीन दिन से यात्रा की तैयारियां कर रहे थे। जीरापुर के वार्ड 14 से पार्षद प्रतिनिधि और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य रहे मांगीलाल शाह 55 साल के थे। उनकी मौत के बारे में पता चलने पर कांग्रेसियों में शोक की लहर फैल गई। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह खुद उनके जनाजे में शामिल हुए और उन्हें कंधा भी दिया। सुसनेर में आयोजित राहुल गांधी की सभा का नाम भी बदलकर श्रद्धांजलि सभा कर दिया गया। शनिवार को ही जीरापुर में उन्हें सुपुर्दे खाक किया गया। उनके जनाजे में हजारों लोग शामिल हुए। रास्ते में नगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनके जनाजे को कांग्रेस का झंडा ओढ़ाया। मांगीलाल को याद कर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की आखें नम हो गईं। मांगीलाल के बारे में बात करते हुए कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राम गोपाल गुप्ता ने बताया कि पिछले 3 दिनों से मांगीलाल भारत जोड़ो यात्रा की तैयारी में जुटे थे। वह काफी खुश थे। उन्होंने सुसनेर में होने वाली यात्रा के लिए चाय का स्टॉल भी लगाया था। शनिवार सुबह 5 बजे हम दोनों साथ में सुसनेर जाने के लिए निकले थे। हम वहां अपने चाय कैंप में गए। थोड़ी देर में यात्रा शुरू हो गई। मैंने मांगीलाल से कहा चलिए यात्रा शुरू हो गई। तो उन्होंने मुझसे कहा कि आप यात्रा में चलिए, मैं थोड़ी देर में आता हूं। इसके बाद वे वहीं टहलने लगे। थोड़ी ही देर में वे अचानक गिर गए। उन्हें यात्रा में साथ चल रही एंबुलेंस में लाया गया। यात्रा में मौजूद डॉक्टर्स ने उनका इलाज किया। इसके बाद भी जब होश नहीं आया, तो डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
6. चार दिसंबर यानी रविवार के दिन दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के चुनाव हैं। चार दिसंबर सिर्फ एक और वीकेंड हॉलिडे नहीं होगा, बल्कि दिल्ली का भविष्य भी तय होगा। मूल रूप से अप्रैल-मई 2022 के लिए निर्धारित इन चुनावों को स्थगित कर दिया गया था, क्योंकि केंद्र सरकार ने वार्डों की संख्या 272 से घटाकर 250 करने का फैसला किया था। पिछले कुछ महीनों से एमसीडी के पास कोई निर्वाचित पार्षद नहीं था, जिससे लोग स्थानीय मुद्दों को हल करने के लिए संपर्क कर सकें। दिल्ली, एक ऐतिहासिक और आधुनिक शहर होने के नाते रहने और काम करने के लिए सबसे अच्छी जगहों में गिना जाता था। हालांकि, हाल के दिनों में, दिल्ली ‘स्वच्छ संकेतक’ में पिछड़ गया है। दिल्ली के लैंडफिल और सामान्य अस्वास्थ्यकर स्थितियां, आवारा जानवर, बिना रखरखाव वाले पार्क और उपमार्ग न केवल आगंतुकों पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं बल्कि इसके 2 करोड़ निवासियों के लिए एक अस्वास्थ्यकर-असभ्य वातावरण भी बनाते हैं।
राजनीति :
News Update :
1. राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश में आज रविवार को 12वां दिन है। आगर जिले में सबसे ज्यादा तीन दिन और दो रात रुकने के बाद देर शाम यह यात्रा मध्य प्रदेश से राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। आज यात्रा आगर में अन्नपूर्णा ढाबा के पास कैंपस साइट से सुबह छह बजे प्रारंभ हुई। यात्रा में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नेता भी शामिल हैं। भजन गायक पद्मश्री प्रहलाद सिंह टिपानिया के अलावा विधायक जीतू पटवारी, अरुण यादव, विक्रांत भूरिया यात्रा में पैदल चल रहे हैं। वहीं कमलनाथ कार में दिखाई दिए। यात्रा का सुबह का ब्रेक 10 बजे गर्ल्स हॉस्टल के पास सोयतकलां आगर में होगा। शाम 7 बजे यात्रा आगर जिले की सीमा पिपलेश्वर बालाजी मंदिर, डोंगरगांव होते हुए राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। यहीं पर यात्रा का नाइट स्टे भी होगा। यात्रा ने सुबह करीब 8 बजे करकड़ियां जोड़ पर रुककर टी-ब्रेक लिया। राहुल ने सोयत के पास देहरिया गांव में रुककर बच्चों और महिलाओं से बात की। उनसे पूछा कैसे हो और क्या सुविधाएं मिल रही हैं? बच्चों और महिलाओं ने परेशानियां बताईं, जिन्हें हल करने के लिए राहुल ने स्थानीय विधायक विपिन वानखेड़े और पीसीसी सदस्य भेरूसिंह बापू को निर्देश दिए।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. भारत के खिलाफ आग उगलने और गीदड़ भभकी देने में पाकिस्तानी राजनीतिज्ञ और सेना बाज नहीं आते। ताजातरीन मामले में हाल ही में वहां के आर्मी चीफ का पद संभालने वाले जनरल आसिम मुनीर ने भारत को चेताया है। पाकिस्तान के नवनियुक्त सेना प्रमुख जनरल मुनीर ने कहा कि अगर उनके देश पर हमला हुआ तो पाकिस्तानी सशस्त्र बल न केवल अपनी मातृभूमि की एक-एक इंच की रक्षा करेंगे, बल्कि दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब भी देंगे। मुनीर ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) के रखचिकरी सेक्टर में सीमावर्ती क्षेत्रों में अपने पहले दौरे के दौरान सैनिकों को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि हाल में देखने में आया है कि गिलगित बाल्टिस्तान और जम्मू-कश्मीर पर भारतीय नेतृत्व के अत्यधिक गैर-जिम्मेदाराना बयान आए हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं स्पष्ट दूं कि यदि कभी भी युद्ध थोपा गया तो पाकिस्तान की सशस्त्र सेना पूरी तरह तैयार है।’ जनरल मुनीर ने हाल ही में जनरल कमर जावेद बाजवा का स्थान लिया, जो तख्तापलट की आशंका वाले इस देश में सेना प्रमुख के रूप में लगातार तीन-तीन साल के दो सेवाकालों के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। मालूम हो कि यहां सेना सुरक्षा और विदेश नीति के मामलों में काफी हस्तक्षेप करती है।
मौसम :
1. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी के आगमन के साथ-साथ एक्यूआई में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हलांकि, बीते दिनों के मुकाबले उसमें मामूली सुधार दर्ज हुआ है, लेकिन दिल्ली रविवार की सुबह भी स्मॉग की चपेट में ही रही। विजय चौक, इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, हुमायूं रोड और आसपास के इलाकों में तो स्माग की चादर बिछी हुई है। सुबह दिल्ली की एक्यूआई 332 दर्ज हुई है, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आती है। बता दें कि दिल्ली में हर साल ठंड के साथ-साथ वायु प्रदूषण बढ़ता जाता है। दिल्ली में पिछले कई दिनों से एक्यूआई 300 के उपर ही दर्ज हो रहा है। इसके कारण दिल्ली के लोगों को खासी परेशानियों का समाना करना पड़ता है। वायु प्रदूषण की वजह से लोगों को गले में खराश, आखों में जलन, सांस लेने में परेशानी जैसी कई बीमारियों को झेलना पड़ रहा है। जानकारों के मुताबिक वायु प्रदूषण से बचने के लिए लोगों को मास्क का उपयोग करना चाहिए।
कारोबार :
1. हॉस्पिटैलिटी चेन ओयो ने को कंपनी के कुछ एम्प्लॉइज की छंटनी करने की अनाउंसमेंट की है। कंपनी ने कहा कि वह अपने 3,700 के वर्कफोर्स में से 600 एम्प्लॉइज की छंटनी करेगी। ओयो ने अपने ऑर्गेनाइजेशन स्ट्रक्चर में बदलाव करने के लिए यह फैसला किया है। इसके अलावा कंपनी 250 नए एम्प्लॉइज को हायर भी करेगी। होमग्रोन हॉस्पिटैलिटी चेन स्टार्टअप ओयो ने एक स्टेटमेंट में कहा कि हम अपनी प्रोडक्ट एंड इंजीनियरिंग टीम, कॉर्पोरेट हेडक्वार्टर और ओया वेकेशन होम्स टीम्स का साइज कम कर रहे हैं। वहीं हम अपनी पार्टनर रिलेशनशिप मैनेजमेंट और बिजनेस डेवलपमेंट टीमों में लोगों को हायर भी करेंगे। ओयो के फाउंडर और ग्रुप सीईओ रितेश अग्रवाल ने कंपनी में बदलाव के बारे में बात करते हुए कहा, ‘हम यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे कि हम जिन लोगों को निकाल रहे हैं, उनमें से ज्यादातर एम्प्लॉइज लाभकारी रूप से कार्यरत हैं। ओयो टीम का हर मेंबर और मैं खुद इन एम्प्लॉइज में से हर एक की स्ट्रेंथ का एक्टिव रूप से सपोर्ट करूंगा।’
खेल/खिलाड़ी :
1. टी20 विश्वकप 2022 के बाद कप्तान के रूप में रोहित शर्मा की यह पहली श्रृंखला होगी। अपनी वापसी के साथ, उनके शिखर धवन के साथ पारी की शुरुआत करने की संभावना है। विराट कोहली नंबर तीन पर खेलेंगे। केएल राहुल के नंबर चार पर खेलने की संभावना है, उसके बाद नंबर पांच पर श्रेयस अय्यर और नंबर छह पर रिषभ पंत पर संशय अब भी बरकरार है। टीम इंडिया रविवार, 4 दिसंबर को पहले एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच के साथ बांग्लादेश में अपने दौरे की शुरुआत करेगी। मेन इन ब्लू दौरे के दौरान तीन मैचों की एक दिवसीय श्रृंखला और दो टेस्ट खेलेगी। कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल जैसे वरिष्ठ खिलाड़ी जो हाल ही में समाप्त हुए न्यूजीलैंड दौरे के दौरान आराम पर थे। टीम में वापस आ गए हैं। भारत के टी20 विश्वकप 2022 से बाहर होने के बाद कप्तान के रूप में रोहित शर्मा की यह पहली श्रृंखला होगी। अपनी वापसी के साथ, उनके शिखर धवन के साथ पारी की शुरुआत करने की संभावना है और विराट कोहली नंबर तीन पर खेलेंगे। केएल राहुल के नंबर चार पर खेलने की संभावना है, उसके बाद नंबर पांच पर श्रेयस अय्यर और नंबर छह पर ऋषभ पंत हो सकते हैं। अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। जहां पंत फॉर्म वापस पाने की तलाश में है। टीम प्रबंधन उन्हें कुछ और मौके देना चाह सकता है।
News Update :
2. फीफा विश्व कप 2022 में 14 दिसंबर को पांच बार के चौंपियन ब्राजील और दो बार के चौंपियन अर्जेंटीना के बीच सेमीफाइनल मुकाबला देखने को मिल सकता है। इसके लिए ब्राजील को अगले दो और अर्जेंटीना को एक नॉकआउट मुकाबला जीतना होगा। अर्जेंटीना का क्वार्टर फाइनल मुकाबला 10 दिसंबर को नीदरलैंड से होगा। वहीं, ब्राजील की टीम 6 दिसंबर को साउथ कोरिया के खिलाफ प्री-क्वार्टर फाइनल मैच खेलेगी। इस खबर में हम आगे जानेंगे कि लैटिन अमेरिका की इन दो दिग्गज टीमों के बीच सेमीफाइनल मैच पॉसिबल होने के लिए अभी क्या-क्या होना बाकी है। साथ ही हम इस विश्व कप में दोनों टीमों के अब तक के सफर और टूर्नामेंट के इतिहास में इनके हेड टु हेड के बारे में भी जानकारी हासिल करेंगे।