News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news on which we will keep an eye
भारत
चेतना मंच
15 Dec 2022 04:10 PM
राष्ट्रीय :
1. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मसूरी थाना क्षेत्र के कल्लू गढ़ी रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर रील बना रहे एक युवती और दो युवकों की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पहचान के प्रयास में जुटी हुई है। डीसीपी देहात जोन डॉक्टर ईरज राजा ने बताया कि स्टेशन मास्टर से सूचना प्राप्त हुई कि कल्लू गढ़ी रेलवे ट्रैक पर एक युवती और दो युवक द्वारा रील बनाई जा रही थी। तभी पद्मावत एक्स्प्रेस ट्रेन की चपेट में आने से तीनों की मौत हो गई। तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तीनों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। युवती की उम्र लगभग 22 से 25 बताई गई है और दोनों युवकों की उम्र 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल मृतकों की पहचान के प्रयास कराए जा रहे हैं।
2. बिहार के छपरा जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है। शासन अभी से शराब तस्करों की धर-पकड़ में जुट गया है। मेन सप्लायर पिता-पुत्र समेत 40 लोग पकड़े गए हैं। सरकार भी देर-सबेर जवाबदेह अफसरों पर कार्रवाई करेगी। परंतु मौत की नींद सुला देने वाली शराब की खेप बनाई कहां गई, इसे भेजा किसने और कैसे तथा इसे लोगों तक सुलभ किसने किया और पी किन क्षेत्रों में गई, यह सवाल हर संवेदनशील व्यक्ति के मन में कौंध रहा है, जो इन असमय मौतों से स्तब्ध है। मरने वालों के स्वजन स्पष्ट कह रहे हैं कि उन लोगों ने कहां शराब पी और किसने पिलाई। इनके उपलब्ध वीडियो में दिए बयानों को आधार मानें तो सारण के जदु मोड़, बहरौली, मशरक तख्त, डोइला, हनुमानगंज की चार किमी परिधि में शराब खुलेआम बिकती है, सोमवार की शाम से लेकर मंगलवार तक जिन लोगों ने इस क्षेत्र में पाउच में सप्लाई की गई देसी शराब पी, उनकी हालत बिगड़ती गई और इनमें से 22 लोगों ने दम तोड़ दिया। इसी तरह अमनौर व मढ़ौरा की तीन किमी परिधि में भी बीती दो शाम पाउच वाली देसी शराब जिसने भी पी, उसे कुछ घंटों पर उल्टी होने लगी, पेट व शरीर में तेज दर्द उठा, आंखों से कम दिखने लगा और अंततरू नौ लोगों की मौत हो गई। अभी भी तीन दर्जन से अधिक लोग छपरा सदर अस्पताल समेत छपरा व पटना के निजी अस्पतालों में इलाजरत हैं। मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है। बताया यह भी जा रहा है कि देसी शराब के पाउच बीते दो दिन सस्ते में यानी 20 रुपये में बेचे जा रहे थे, इस कारण लोगों ने ताबड़तोड़ खरीदे और इस तरह तड़पकर जान देनी पड़ गई। इस कारण किसी साजिश से भी इन्कार नहीं किया जा सकता। एसपी ने कहा कि पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। डीएम राजेश मीणा व एसपी संतोष कुमार ने संयुक्त बयान में स्वीकार किया है कि सारण जिले के इसुआपुर के डोईला, मशरक के यादोपुर, मढ़ौरा के हसनपुर एवं अमनौर हुसेपुर में संदिग्ध परिस्थिति में जहरीले पदार्थ से लोगों की मौत हुई है।
News Update
3. अरुणाचल के तवांग में झड़प के बाद चीनी सैनिकों भागे तो वे अपना कई सामान छोड़ गए। भारतीय सैनिकों ने झड़प वाली जगह से स्लीपिंग बैग और अन्य उपकरण बरामद किए। इसकी फोटो भी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जो स्लीपिंग बैग मिले हैं, वे ठंडे तापमान में खुले इलाकों में रहने में मदद करते हैं। तवांग के यांग्त्से में 9 दिसंबर को 600 चीनी सैनिकों ने जैसे ही टेम्परेरी वॉल पर लगी तारबंदी को तोड़कर भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की, मुस्तैद भारतीय सैनिकों ने मुंहतोड़ जवाब दिया और उन्हें खदेड़ दिया था। इस बीच, वायुसेना एलएसी पर 15-16 दिसंबर को युद्धाभ्यास करेगी। इसमें राफेल, सुखोई समेत फ्रंटलाइन फाइटर जेट इसमें शामिल होंगे। ये 48 घंटे तक नॉर्थ ईस्ट के तेजपुर, जोरहाट, चाबुआ और हाशिमारा एयरबेस से उड़ान भरेंगे। ऐसा कहा जा रहा है कि ये युद्धाभ्यास पहले से ही तय था।
4. उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार नवविवाहित जोड़ों को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी और रोजगार देगी। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बलिया जिले के बांसडीह पीजी कॉलेज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से गरीब परिवार के युवकों और युवतियों का विवाह कराया जा रहा है। सामूहिक विवाह के बाद सरकार इन नवविवाहित जोड़ों को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी व रोजगार देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आम लोगों को विकास के पथ पर अग्रसर करने के साथ ही उन्हें विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। सामूहिक विवाह समारोह में जिले के विभिन्न ब्लॉक के 506 जोड़े का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह हुआ। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह एवं इलाके की विधायक केतकी सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को उपहार व आशीर्वाद देकर बधाई दी।
5. बागपत जिले में खेकड़ा थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर डीके त्यागी की महिला सिपाही को आई लव यू बोलने की करतूत कैमरे में कैद हो गई है। इस मामले में इंस्पेक्टर को निलंबित करने के बाद अब आंतरिक शिकायत समिति ने भी जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। मामला महकमे में दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। खेकड़ा थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार त्यागी महिला कर्मियों से अमर्यादित भाषा बोलते थे। उन्होंने एक महिला सिपाही को आई लव यू बोल दिया था। महिला सिपाही ने इंस्पेक्टर की यह करतूत मोबाइल में कैद कर ली। इतना ही नहीं, सिपाही ने 11 दिसंबर को एसपी नीरज कुमार जादौन से शिकायत कर दी। अन्य महिला पुलिसकर्मियों ने भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का इंस्पेक्टर पर आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खेकड़ा सीओ विजय चौधरी से जांच कराई। जांच रिपोर्ट में शिकायत की पुष्टि होने पर इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार त्यागी को एसपी ने निलंबित कर दिया। एसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि इंस्पेक्टर के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आंतरिक शिकायत समिति पूरे मामले की जांच करेगी। समिति की अध्यक्ष रिजर्व पुलिस लाइंस सीओ प्रीता है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई ताजा झड़प के बाद पूर्व विदेश सचिव विजय गोखले का बयान सामने आया है। गोखले ने चीन को फटकार लगाते हुए कहा है कि चीन इस मुगालते में न रहे कि भारत एलएसी पर उसे मुंहतोड़ जवाब नहीं देगा। भारत उसकी हर गलत नीतियों का करारा जवाब देगा। पूर्व विदेश सचिव ने कहा कि साल 2020 के गलवान घटना ने चीन के बारे में राष्ट्रीय जनमत को फिर से आकार देने का काम किया है। हमारी सेना हर मोर्चे पर तैयार है। विजय गोखले ने कहा कि अगस्त 2020 में रेजांग लारेचिन ला में स्नो लेपर्ड काउंटर-ऑपरेशन किया गया था। भारत ने इस ऑपरेशन को सोच-समझकर अंजाम दिया था और चीन ने इसके बारे में सोचा भी नहीं था। भारतीय सेना ने स्नो लेपर्ड ऑपरेशन के जरिए पेंगोंग त्सो झील से चीन को पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया था। ऐसे में चीन की ये धारणा कि एलएसी पर छोटी-मोटी घटनाओं के बदले में भारत पलटवार नहीं करेगा क्योंकि भारत जोखिम नहीं लेना चाहता, शायद अब यह काम नहीं करती। गोखले ने कहा कि चीन की दो धारणाएं हैं- पहली ये है कि भारत किसी छिटपुट घटना के बदले में बड़े स्तर पर सैन्य पलटवार करने का फैसला नहीं करेगा, दूसरी ये है कि भारत उसके साथ सैन्य टकराव करने वाले पक्ष के खिलाफ दूसरे देशों के साथ मिलकर मोर्चेबंदी नहीं करेगा। इन दोनों धारणाओं को भारत की रणनीतिक सोच में 2020 के बाद आए बदलावों को ध्यान में रखते हुए देखा जाना चाहिए। गोखले लिखते हैं कि चीनी राजनेताओं को अपनी इस धारणा को भी छोड़ देना चाहिए कि आने वाले समय में किसी सैन्य टकराव के बाद भारतीय प्रतिक्रिया बेहद मामूली होगी क्योंकि भारत एलएसी पर खुद की सैन्य क्षमताओं और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विकास करने को लेकर समर्पित है।
2. संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर राग अलापने वाले पाकिस्तान को भारत ने करारा जवाब दिया है। भारत ने कहा कि जिस देश ने आतंकी ओसामा बिन लादेन की आवभगत की हो और पड़ोसी देश की संसद पर हमला किया हो। ऐसे देश को उपदेश देने का अधिकार नहीं है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि यूएन की विश्वसनीयता हमारे समय की प्रमुख चुनौतियों, चाहे वह महामारी हो, जलवायु परिवर्तन, संघर्ष या आतंकवाद हो की प्रभावी प्रतिक्रिया पर निर्भर करती है। जयशंकर की ये प्रतिक्रिया तब आई है, जब पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो बहस के दौरान कश्मीर का मुद्दा उठा रहे थे। जयशंकर यूएन की भारत की अध्यक्षता में चल रहे उच्च स्तरीय हस्ताक्षर कार्यक्रमों की अध्यक्षता करने के लिए अमेरिका पहुंचे हैं। जयशंकर ने कहा, ‘दुनिया जिसे अस्वीकार्य मानती है, उसे न्यायोचित ठहराने का सवाल ही नहीं उठना चाहिए। यह निश्चित रूप से सीमा पार आतंकवाद के प्रायोजन पर लागू होता है। ओसामा बिन लादेन की मेजबानी करना और पड़ोसी संसद पर हमला करना इस परिषद के सामने उपदेश देने के लिए प्रमाण के रूप में काम कर सकता है।
सेहत :
1. विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख टेड्रोस अदनोम घेब्रेयसस ने चीन से कोविड-19 को लेकर डाटा शेयर करने को कहा है, जिससे वायरस के कारणों को समझा जा सके। डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने संगठन की वेबसाइट पर एक बयान में कहा कि हम इस वायरस के कारणों को बेहतर ढंग से समझने के लिए चीन से डाटा साझा करने का अनुरोध करते हैं। गौरतलब है कि चीन के वुहान में तीन साल पहले कोरोना के मामले आने शुरू हुए थे। कोरोना वायरस की शुरुआत कैसे हुई, ये अभी भी बहस का मुद्दा बना हुआ है। विशेषज्ञों ने वायरस की उत्पत्ति पर दो कारणों को सामने रखा है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, डब्ल्यूएचओ कुछ समय के अंतराल में ये तय करने के लिए बैठक करता है कि क्या 66 लाख से अधिक लोगों की जान लेने वाला कोरोना वायरस अभी भी अंतरराष्ट्रीय चिंता का कारण है। डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगले साल तक कोविड-19 महामारी वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल नहीं माना जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि अगले साल किसी समय हम यह कह सकेंगे कि कोविड-19 अब वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल नहीं है। टेड्रोस अदनोम ने एक साल पहले ओमिक्रोन वेरिएंट की शुरुआत को याद किया। उन्होंने कहा कि उस समय हर हफ्ते कोरोना वायरस 50 हजार लोगों की जान ले रहा था। बीते हफ्ते विश्व में 10 हजार से कम लोगों की जान गई। अभी भी 10 हजार बहुत ज्यादा है। अभी भी बहुत कुछ है जो सभी देश जान बचाने के लिए कर सकते हैं। हमने इसके लिए लंबा सफर तय किया है।
मौसम :
1. उत्तर भारत समेत देश के अधिकतर हिस्सों में ठंड बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिन के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। वहीं, भारत के कुछ इलाकों में भारी बारिश का कहर जारी है। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दक्षिण पूर्व अरब सागर पर एक लो प्रेशर का क्षेत्र निर्मित हुआ है, जिसके भारत के तट से पश्चिम उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है। 14 दिसंबर की सुबह तक आसपास के दक्षिणी पूर्व सागर पर एक कम दबाव का क्षेत्र निर्मित होगा। 15 दिसंबर की सुबह तक इसके डिप्रेशन में बदलने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर केरल और कर्नाटक के तटों से पूर्व मध्य और आसपास के दक्षिण पूर्व अरब सागर पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। दिसंबर के दौरान अरब सागर में अधिकांश मौसम प्रणालियों का उद्गम बंगाल की खाड़ी के ऊपर होता है। यह कम दबाव दिसंबर के पहले सप्ताह के दौरान खाड़ी के ऊपर बने चक्रवात मंडस का अवशेष है। इस बीच, मध्य क्षोभमंडल स्तरों में दक्षिण अंडमान सागर और इससे सटे मलक्का जलडमरूमध्य और सुमात्रा पर एक और चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
कारोबार :
1. भारतीय रेलवे ने देशभर में अलग-अलग जोनों में चल रहे मरम्मत कार्यों, खराब मौसम और दूसरी वजहों से आज गुरुवार 15 दिसंबर को भी बड़ी संख्या में ट्रेनों को नहीं चलाने का फैसला लिया है। इसके अलावा कई गाड़ियों का रूट भी डायवर्ट किया गया है। देश में सर्दी बढ़ने के साथ ही रद्द होने वाली ट्रेनों की संख्या में इजाफा हो रहा है। सर्दी में धुंध की वजह से रेल यातायात में बाधा उत्पन्न होती है। आज रद्द होने वाली ट्रेनों में पैसेंजर, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। भारतीय रेलवे की वेबसाइट के अनुसार, आज 257 ट्रेनों को कैंसिल किया गया है। 235 ट्रेनों को पूरी तरह कैंसिल कर दिया है। जबकि 22 गाड़ियों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। आज 18 ट्रेनों को रिशेड्यूल भी किया है। इसके अलावा 19 ट्रेनों का रास्ता बदला गया है।
2. अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा दरों में बढ़ोतरी के बाद बाद कच्चे तेल के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में कच्चा तेल करीब दो डॉलर प्रति बैरल तक महंगा हो गया है। इधर, भारत में तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में स्थिर रखे हैं। देश के चार महानगरों में पेट्रोल डीजल के दाम गुरुवार को नहीं बदले हैं। तेल कंपनियों ने दिल्घ्ली मुंबई कोलकाता और चेन्नई सहित देश के चार महानगरों में पेट्रोल-डीजल के दाम आज भी कल जैसी ही रखे हैं। पिछले 24 घंटे में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ा उछाल दिख रहा है। ब्रेंट क्रूड आज सुबह करीब 2 डॉलर बढ़कर 82.70 डॉलर प्रति बैरल के भाव रहा। डब्ल्यूटीआई भी आज करीब 2 डॉलर चढ़कर 77.25 डॉलर प्रति बैरल के पार हो गया है। देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपये प्रति लीटर और एक लीटर डीजल 89.62 रुपये में मिल रहा है। मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94.27 रुपये में प्रति लीटर है। कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल 106.03 रुपये और डीजल 92.76 रुपये प्रति लीटर है। चेन्नई में एक लीटर पेट्रोल 102.63 रुपये बिक रहा है, जबकि डीजल 94.24 रुपये प्रति लीटर में बिक रहा है। आपको बता दें कि तेल की कीमत भारत जैसे विकासशील देश में ‘अधिक’ की कैटेगरी में रखी जा सकती है। भारत अपना ज्यादातर तेल इरान और रूस से आयात करता है।
खेल/खिलाड़ी :
1. भारत-बांग्लादेश टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला चट्टोग्राम में खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। इस समय दूसरे दिन के पहले सेशन का खेल जारी है और भारत ने 7 विकेट पर 294 रन बना लिए हैं। अश्विन नाबाद हैं। कुलदीप यादव उनका साथ दे रहे हैं। श्रेयस अय्यर 86 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें इबादत हुसैन ने बोल्ड कर दिया। बांग्लादेश की ओर से तैजुल इस्लाम ने 3 विकेट लिए। मेहदी हसन मिराज ने 2 विकेट लिए। इबादत हुसैन और खालिद अहमद को एक-एक विकेट मिले। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने छह विकेट पर 278 रन बनाए थे। उसकी ओर से श्रेयस अय्यर 82 रन के निजी स्कोर पर नाबाद लौटे थे। बुधवार को अक्षर पटेल (14 रन), चेतेश्वर पुजारा (90), ऋषभ पंत (46 रन), शुभमन गिल (20 रन), कप्तान केएल राहुल (22 रन) और विराट कोहली (1 रन) ने अपने विकेट गंवाए।